छत्तीसगढ़
शंकर नगर में रफ्तार का कहर, तेज कार ने बाइक सवार को ठोका, युवक की मौत
Shantanu Roy
8 Jun 2026 12:16 AM IST

x
छग
Raipur. रायपुर। राजधानी रायपुर में एक बार फिर तेज रफ्तार ने जान ले ली। शंकर नगर स्थित बर्गर किंग के पास एक तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार युवक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान लाखेनगर निवासी उदय रगड़े के रूप में हुई है। वह किसी काम से शंकर नगर क्षेत्र से गुजर रहा था, तभी यह दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कार की रफ्तार काफी तेज थी और टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि युवक को संभलने का मौका ही नहीं मिला।
हादसे के तुरंत बाद आसपास मौजूद लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की। मृतक के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए मेकाहारा अस्पताल भेजा गया है। घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के परिजन भी मौके पर पहुंच गए, जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल था। अचानक हुई इस घटना ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। इलाके में भी इस हादसे को लेकर शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि शंकर नगर क्षेत्र में अक्सर तेज रफ्तार वाहनों की आवाजाही होती है, जिससे हादसों का खतरा बना रहता है।
कई बार ट्रैफिक नियंत्रण और स्पीड लिमिट को लेकर मांग भी उठाई जा चुकी है, लेकिन स्थिति में सुधार नहीं हो पा रहा है। पुलिस ने मामले में जांच शुरू कर दी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि दुर्घटना के सही कारणों और वाहन की पहचान की जा सके। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है। इस दर्दनाक घटना ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और ट्रैफिक नियमों के पालन पर सवाल खड़े कर दिए हैं। आए दिन हो रहे ऐसे हादसे यह सोचने पर मजबूर कर रहे हैं कि आखिर शहर की सड़कों पर रफ्तार पर लगाम कब लगेगी। फिलहाल पुलिस आगे की जांच में जुटी हुई है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
Next Story





