छत्तीसगढ़
छत्तीसगढ़ राज्योत्सव में भारतीय वायु सेना के हवाई प्रदर्शन का शानदार समापन
Shantanu Roy
2 Nov 2026 9:56 PM IST

x
छग
Raipur. रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्योत्सव 2026 के अवसर पर भारतीय वायु सेना द्वारा नवा रायपुर अटल नगर स्थित सेंध झील के ऊपर आयोजित दो दिवसीय हवाई प्रदर्शन का आज शानदार समापन हुआ। समापन समारोह में छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रमेन डेका मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल भी उपस्थित रहे। बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों ने भारतीय वायु सेना के जांबाजों के साहस, अनुशासन, सटीकता और अद्भुत हवाई कौशल का रोमांचक प्रदर्शन देखा। 1 एवं 2 नवंबर को आयोजित इस विशेष हवाई प्रदर्शन में भारतीय वायु सेना की ‘आकाश गंगा’ स्काईडाइविंग टीम, एमआई-17 हेलीकॉप्टर के साथ गरुड़ कमांडो तथा ‘सारंग’ हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम ने हिस्सा लिया। स्काईडाइविंग, कमांडो की त्वरित तैनाती और हेलीकॉप्टरों के शानदार हवाई करतबों ने दर्शकों को रोमांचित कर दिया। इस आयोजन ने भारतीय वायु सेना की परिचालन क्षमता, पेशेवर दक्षता और उत्कृष्ट टीमवर्क का प्रभावशाली प्रदर्शन किया।
‘आकाश गंगा’ टीम ने साहसिक स्काईडाइविंग के माध्यम से दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया। आसमान से पैराशूट के सहारे नियंत्रित और समन्वित तरीके से नीचे उतरते वायु सेना के जवानों ने अपने साहस, कौशल और सटीक नियंत्रण का परिचय दिया। सेंध झील के ऊपर आसमान में किया गया यह प्रदर्शन दर्शकों के लिए आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहा। एमआई-17 हेलीकॉप्टर के माध्यम से सैनिकों की त्वरित तैनाती का प्रदर्शन भी किया गया। हेलीकॉप्टर ने निर्धारित क्षेत्र में पहुंचकर गरुड़ कमांडो को तैनात किया। इस दौरान हेलीकॉप्टर के चालक दल और कमांडो के बीच बेहतर तालमेल देखने को मिला। प्रदर्शन ने दर्शाया कि किसी भी अभियान को सफलतापूर्वक अंजाम देने में त्वरित निर्णय, सटीक उड़ान और टीमवर्क की महत्वपूर्ण भूमिका होती है।
‘सारंग’ हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम ने अपने आकर्षक फॉर्मेशन और सटीक हवाई करतबों से उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया। हेलीकॉप्टरों के बीच उत्कृष्ट समन्वय, पायलटों की उड़ान दक्षता और आपसी तालमेल ने भारतीय वायु सेना की पेशेवर क्षमता को प्रदर्शित किया। इन प्रदर्शनों के पीछे तकनीकी विशेषज्ञों और ग्राउंड क्रू के समर्पण एवं कड़ी मेहनत की भूमिका भी रेखांकित हुई। छत्तीसगढ़ राज्योत्सव के अंतर्गत आयोजित इस दो दिवसीय कार्यक्रम ने प्रदेश के उत्सव में रोमांच और गौरव का विशेष रंग जोड़ा। राज्योत्सव के उद्घाटन दिवस पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए थे। वहीं, समापन दिवस पर राज्यपाल रमेन डेका की उपस्थिति में भारतीय वायु सेना के प्रदर्शन का भव्य समापन हुआ। इस आयोजन ने भारतीय वायु सेना और छत्तीसगढ़ की जनता के बीच जुड़ाव को और मजबूत करने के साथ ही युवाओं को विमानन क्षेत्र में करियर बनाने तथा राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित किया। आसमान में प्रदर्शित साहस, अनुशासन, उत्कृष्टता और टीमवर्क ने उपस्थित लोगों के मन में देश की वायु सेना के प्रति गर्व और सम्मान की भावना को और प्रगाढ़ किया।
Next Story





