छत्तीसगढ़

पीएम राहत योजना पर विशेष प्रशिक्षण कार्यशाला, सड़क हादसों में त्वरित इलाज पर जोर

Shantanu Roy
26 May 2026 7:15 PM IST
पीएम राहत योजना पर विशेष प्रशिक्षण कार्यशाला, सड़क हादसों में त्वरित इलाज पर जोर
x
छग
Bilaspur. बिलासपुर। सड़क दुर्घटनाओं में घायल लोगों को समय पर और त्वरित चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से बिलासपुर यातायात पुलिस द्वारा पीएम राहत योजना पर विशेष प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया। यह कार्यशाला चेतना भवन, पुलिस लाइन में आयोजित की गई, जिसमें पुलिस, प्रशासन, स्वास्थ्य और लोक निर्माण विभाग के अधिकारी-कर्मचारी शामिल हुए। कार्यशाला में जिला कलेक्टर संजय अग्रवाल तथा पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने योजना के संचालन, पंजीयन प्रक्रिया और तकनीकी पहलुओं की विस्तृत जानकारी दी। इस दौरान दूरस्थ क्षेत्रों के थाना प्रभारी एवं अन्य अधिकारी ऑनलाइन माध्यम से भी जुड़े रहे।

अधिकारियों ने बताया कि पीएम राहत योजना के तहत सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को 1 लाख 50 हजार रुपये तक का कैशलेस उपचार उपलब्ध कराया जाता है। इसके लिए घायल का iRAD एवं eDAR पोर्टल पर 24 घंटे के भीतर पंजीयन करना आवश्यक है, जबकि गंभीर मामलों में यह प्रक्रिया 48 घंटे के भीतर पूरी करनी होती है। बैठक में बताया गया कि सड़क दुर्घटना की सूचना मिलते ही संबंधित थाना प्रभारी द्वारा ऑनलाइन एंट्री iRAD एवं eDAR पोर्टल पर की जाती है, जिससे उपचार प्रक्रिया तुरंत शुरू हो सके। यह सुविधा आयुष्मान भारत योजना से जुड़े सभी अस्पतालों में उपलब्ध है, जहां पंजीयन होते ही मरीज का कैशलेस इलाज प्रारंभ किया जा सकता है।

अधिकारियों ने कहा कि इस योजना का मुख्य उद्देश्य सड़क हादसों में होने वाली देरी को कम करना और गोल्डन ऑवर में मरीज को इलाज उपलब्ध कराना है, जिससे कई लोगों की जान बचाई जा सके। यातायात पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि सड़क दुर्घटना की स्थिति में तुरंत पुलिस और नजदीकी आयुष्मान अस्पताल को सूचना दें, ताकि घायल को समय पर उपचार मिल सके और उसकी जान बचाई जा सके। कार्यशाला में अतिरिक्त कलेक्टर शिव बनर्जी, सीएमएचओ डॉ. सुभा गरेवाल, बीएमओ डॉ. श्रीकेश गुप्ता, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मधुलिका सिंह, रामगोपाल करियारे, पंकज पटेल, रश्मित कौर चावला सहित कई विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
Next Story