छत्तीसगढ़
रायपुर में महिलाओं और छात्राओं की सुरक्षा पर विशेष फोकस, तीनों जोन की समीक्षा
Shantanu Roy
26 Nov 2026 7:42 PM IST

x
छग
Raipur. रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में महिलाओं एवं छात्र-छात्राओं की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से पिंक पेट्रोल टीम की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। 25 नवंबर 2026 को पुलिस उपायुक्त डॉ. अर्चना झा एवं अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त निमिषा पाण्डेय की उपस्थिति में आयोजित बैठक में तीनों जोन की पिंक पेट्रोलिंग टीमों के कार्यों की समीक्षा की गई। इस दौरान महिला सुरक्षा से संबंधित शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई, संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित गश्त और संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। पिंक पेट्रोल टीम द्वारा अब तक कुल 233 शिकायतों का निराकरण किया गया है।
समीक्षा बैठक में अधिकारियों ने पिंक पेट्रोल टीम के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को महिलाओं की सुरक्षा के प्रति संवेदनशीलता, तत्परता और जवाबदेही के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। विशेष रूप से स्कूलों, कॉलेजों, शैक्षणिक संस्थानों, छात्रावासों, कोचिंग सेंटरों, सार्वजनिक स्थलों और अन्य संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित एवं प्रभावी गश्त सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। अधिकारियों ने कहा कि स्कूल और कॉलेज आने-जाने वाली छात्राओं के साथ महिलाओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। ऐसे क्षेत्रों में संदिग्ध गतिविधियों पर सतत निगरानी रखी जाए, जहां महिलाओं और छात्राओं का नियमित आवागमन होता है। किसी भी प्रकार की छेड़छाड़, अभद्र व्यवहार अथवा महिला सुरक्षा से संबंधित शिकायत मिलने पर तत्काल संज्ञान लेते हुए प्रभावी वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में पिंक पेट्रोल टीम को महिलाओं एवं छात्राओं के बीच सुरक्षा का विश्वास मजबूत करने के लिए सक्रिय भूमिका निभाने को कहा गया। इसके साथ ही जरूरत पड़ने पर पुलिस सहायता प्राप्त करने के संबंध में आम नागरिकों को जागरूक करने पर भी जोर दिया गया। समीक्षा बैठक के दौरान अधिकारियों ने पिंक पेट्रोल टीम द्वारा अब तक किए गए कार्यों की जानकारी साझा की। महिला सुरक्षा एवं अन्य संबंधित मामलों में प्राप्त कुल 233 शिकायतों पर पुलिस टीम ने गंभीरतापूर्वक संज्ञान लेते हुए उनका निराकरण किया है। इस दौरान टीम द्वारा किए गए कई सराहनीय कार्यों का भी उल्लेख किया गया।
कोटा क्षेत्र में पेट्रोलिंग के दौरान एक युवती की साइकिल चोरी होने का मामला सामने आया था। चॉइस सेंटर के सामने से चोरी हुई साइकिल के संबंध में पिंक पेट्रोल टीम ने सीसीटीवी फुटेज की सहायता से संदिग्ध की पहचान की। पुलिस ने साइकिल बरामद कर संबंधित युवती को सुपुर्द किया तथा संदिग्ध युवक को आगे की कार्रवाई के लिए सरस्वती नगर थाने के सुपुर्द किया। इसी तरह पंडरी क्षेत्र में एक असहाय एवं बीमार महिला के मिलने की सूचना पर पिंक पेट्रोल टीम ने मानवीय संवेदनशीलता का परिचय दिया। टीम ने महिला को भोजन और फल उपलब्ध कराने के साथ सुरक्षित आश्रय एवं देखभाल के लिए नारी निकेतन में दाखिल कराया।
टिकरापारा क्षेत्र में पति-पत्नी के बीच हुए विवाद में भी पिंक पेट्रोल टीम ने मध्यस्थता करते हुए आपसी समझाइश के माध्यम से पारिवारिक विवाद सुलझाने और परिवार को टूटने से बचाने का प्रयास किया। संबंधित व्यक्तियों की निजता को ध्यान में रखते हुए उनकी पहचान गोपनीय रखी गई है। पुलिस कमिश्नरेट रायपुर ने स्पष्ट किया है कि महिलाओं एवं छात्र-छात्राओं की सुरक्षा केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि एक महत्वपूर्ण सामाजिक दायित्व भी है। इस दिशा में नागरिकों का सहयोग और जागरूकता भी आवश्यक है। राजधानी में महिलाओं एवं छात्राओं के लिए सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पिंक पेट्रोल टीम की सक्रियता, नियमित गश्त और त्वरित पुलिस प्रतिक्रिया को और अधिक प्रभावी बनाया जाएगा। रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और निर्भीक वातावरण सुनिश्चित करने के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई है।
Next Story





