छत्तीसगढ़

केवड़ाबाड़ी यात्री प्रतीक्षालय में चला विशेष स्वच्छता अभियान

Shantanu Roy
20 Sept 2026 5:31 PM IST
केवड़ाबाड़ी यात्री प्रतीक्षालय में चला विशेष स्वच्छता अभियान
x
छग
Raigarh. रायगढ़। सेवा संकल्प अभियान-2026 के तीसरे दिन नगर निगम रायगढ़ द्वारा शहर के प्रमुख सार्वजनिक स्थल केवड़ाबाड़ी बस स्टैंड स्थित यात्री प्रतीक्षालय में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस दौरान सक्शन कम जेटिंग मशीन के माध्यम से प्रेशर वॉशिंग कर प्रतीक्षालय सहित आसपास के परिसर की गहन सफाई की गई। सफाई के दौरान ब्लीचिंग पाउडर, सर्फ सहित आवश्यक सफाई सामग्री का उपयोग किया गया। नगर निगम की टीम ने यात्री प्रतीक्षालय के फर्श, कोनों तथा ऐसे स्थानों की विशेष रूप से सफाई की, जहां सामान्य सफाई के दौरान गंदगी जमा होने की संभावना रहती है। मशीन से तेज दबाव के साथ पानी की धुलाई कर जमी हुई गंदगी को हटाया गया। साथ ही दीवारों पर चिपके पुराने पोस्टर और पंपलेट हटाकर दीवारों की भी प्रेशर वॉशिंग की गई। प्रतीक्षालय के साथ आसपास के परिसर की भी सफाई कर सार्वजनिक स्थल को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाने का प्रयास किया गया।

सार्वजनिक स्थलों की गहन सफाई पर निगम का जोर
सेवा संकल्प अभियान के तहत नगर निगम द्वारा शहर के प्रमुख सार्वजनिक स्थलों को चिन्हित कर विशेष सफाई अभियान चलाया जा रहा है। बस स्टैंड और यात्री प्रतीक्षालय जैसे स्थानों पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में नागरिकों और यात्रियों की आवाजाही होती है। ऐसे में नियमित सफाई के साथ समय-समय पर मशीनों के माध्यम से गहन सफाई पर विशेष जोर दिया जा रहा है। महापौर जीवर्धन चौहान ने कहा कि शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने के लिए सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता बेहद जरूरी है। सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से नगर निगम स्वच्छता व्यवस्था को और बेहतर बनाने का प्रयास कर रहा है। उन्होंने कहा कि निगम की टीम लगातार सफाई कार्य कर रही है, लेकिन अभियान की सफलता के लिए नागरिकों की सहभागिता भी उतनी ही महत्वपूर्ण है। नागरिक सार्वजनिक स्थानों पर कचरा न फैलाएं और स्वच्छता बनाए रखने में अपनी जिम्मेदारी निभाएं। सभापति डिग्री लाल साहू ने कहा कि अभियान के तहत शहर के प्रमुख स्थानों पर विशेष सफाई कराई जा रही है। मशीनों के माध्यम से की जा रही गहन सफाई से सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी। उन्होंने नागरिकों से निगम के स्वच्छता अभियान में सहयोग करने की अपील की। एमआईसी सदस्य सुरेश गोयल ने कहा कि सार्वजनिक स्थलों की सफाई के साथ नागरिकों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता जरूरी है। बस स्टैंड और यात्री प्रतीक्षालय का उपयोग बड़ी संख्या में लोग करते हैं, इसलिए इन स्थानों को स्वच्छ रखना निगम के साथ नागरिकों की भी सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने लोगों से कचरा निर्धारित स्थान पर डालने और सार्वजनिक स्थलों पर गंदगी नहीं फैलाने की अपील की। निगम आयुक्त बृजेश सिंह क्षत्रिय ने बताया कि सेवा संकल्प अभियान के तहत शहर के प्रमुख सार्वजनिक स्थलों को चिन्हित कर विशेष सफाई कराई जा रही है। केवड़ाबाड़ी यात्री प्रतीक्षालय में सक्शन कम जेटिंग मशीन से प्रेशर वॉशिंग की गई तथा आवश्यकता के अनुसार ब्लीचिंग पाउडर, सर्फ सहित अन्य सामग्री का उपयोग किया गया। उन्होंने कहा कि अभियान के तहत आगे भी सार्वजनिक स्थलों पर मशीनों से विशेष सफाई कराई जाएगी।

अतिक्रमण पर कार्रवाई, सात दुकानदारों से वसूला 5,500 रुपये जुर्माना
स्वच्छता अभियान के साथ नगर निगम की टीम ने केवड़ाबाड़ी बस स्टैंड परिसर में अतिक्रमण के खिलाफ भी कार्रवाई की। अतिरिक्त शेड लगाकर जगह घेरने, प्रतिष्ठानों के बाहर सामान का प्रदर्शन करने तथा निर्धारित सीमा से बाहर दुकान का विस्तार करने वाले दुकानदारों पर कार्रवाई की गई। निगम की टीम ने अतिक्रमण करने वाले सात दुकानदारों के खिलाफ चालान काटते हुए मौके पर कुल 5,500 रुपये का जुर्माना वसूल किया। कार्रवाई के दौरान दुकानों के सामने निर्धारित सीमा से बाहर लगाए गए स्लैब/निर्माण को जेसीबी की मदद से हटाया गया। वहीं दो दुकानों द्वारा किए गए अतिरिक्त शेड निर्माण को भी जेसीबी से तोड़कर हटाया गया। निगम अधिकारियों ने दुकानदारों को स्पष्ट निर्देश दिए कि बस स्टैंड परिसर में सार्वजनिक आवागमन को बाधित करने वाला कोई सामान निर्धारित सीमा से बाहर न रखा जाए और अतिरिक्त शेड या अन्य निर्माण कर सार्वजनिक स्थान पर कब्जा न किया जाए। अधिकारियों ने दोबारा अतिक्रमण पाए जाने पर नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की चेतावनी भी दी।

जनप्रतिनिधि और निगम अमला रहा मौजूद
विशेष स्वच्छता एवं अतिक्रमण कार्रवाई के दौरान महापौर जीवर्धन चौहान, सभापति डिग्री लाल साहू, एमआईसी सदस्य सुरेश गोयल, निगम आयुक्त बृजेश सिंह क्षत्रिय सहित निगम के अधिकारी-कर्मचारी, स्वच्छता कर्मी एवं संबंधित अमला उपस्थित रहा। नगर निगम ने नागरिकों से सार्वजनिक स्थलों पर कचरा इधर-उधर नहीं फेंकने, डस्टबिन का उपयोग करने तथा स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने में निगम का सहयोग करने की अपील की है। निगम प्रशासन ने कहा कि स्वच्छ और सुंदर रायगढ़ के निर्माण के लिए प्रशासनिक प्रयासों के साथ नागरिकों की सक्रिय सहभागिता भी आवश्यक है।
Next Story