छत्तीसगढ़

पशुओं के कारण होने वाली दुर्घटनाओं को रोकने चलाया गया विशेष महाअभियान

Nilmani Pal
21 Aug 2023 2:02 AM GMT
पशुओं के कारण होने वाली दुर्घटनाओं को रोकने चलाया गया विशेष महाअभियान
x

राजनांदगांव। राष्ट्रीय एवं राज्य राजमार्ग पर आवारा, घुमंतु पशुओं के कारण हो रही दुर्घटनाओं को रोकने के लिए जिले में विशेष महाअभियान चलाया गया। कलेक्टर श्री डोमन सिंह ने नगर निगम राजनांदगांव के गोकुल नगर में घुमंतु पशुओं में रेडियम बेल्ट लगाकर महाअभियान का शुभारंभ किया। विशेष महाअभियान में जिले के नगरीय निकाय एवं ग्रामीण क्षेत्रों में आवारा एवं घुमंतु मवेशियों में रेडियम बेल्ट, टैगिंग, रेडियम पेंट, रेडियम टेप तथा घुमंतु पशुओं को कांजी हाउस एवं चिन्हित गौठानों में रखा गया। विशेष महाअभियान में कलेक्टर श्री डोमन सिंह के मार्गदर्शन एवं जिला पंचायत सीईओ श्री अमित कुमार के निर्देशन पर जिले में 3 हजार 216 पशुओं में रेडियम बेल्ट, पेंट, टेप लगाया गया। पशुओं में 1 हजार 286 यूनिक आईडी टैग लगाया गया। नगरीय निकायों एवं गांवों में चरवाहों एवं पशु मालिकों की बैठक आयोजित कर मवेशियों को खुले एवं सड़क में नहीं छोडऩे के लिए जागरूक किया गया। विशेष महाअभियान में खुले एवं सड़क में घुम रहे पशुओं के पशु पालकों पर 30 हजार रूपए का दण्ड अधिरोपित किया गया। इस अवसर पर कलेक्टर श्री सिंह ने जिले के सभी पशु पालकों से अपील की कि वे अपने मवेशियों को खुले एवं सड़क पर नहीं छोड़े। जिससे सड़क दुर्घटनाओं से बचा जा सके।

मोबाईल पशु चिकित्सा इकाई शुरूआत-

कलेक्टर सिंह के निर्देश पर जिले में मोबाईल पशु चिकित्सा इकाई की शुरूआत की गई है। मोबाईल पशु चिकित्सा इकाई के माध्यम से ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में पशु चिकित्सा सेवाएं प्रदान की जाएगी। सुराजी गांव योजना अंतर्गत स्थापित गौठानों एवं गौठान ग्राम में एम्बुलेटरी सेवा प्रजनन, उपचार, निवारण कार्य किया जाएगा। पशुओं के सामान्य स्वास्थ्य स्थिति की जांच एवं पशुधन का ईलाज, बीमारी का पता लगाने के लिए आन द स्पाट रोग जांच सेवा प्रदान की जाएगी। क्षेत्र में प्रचलित सामान्य बीमारियों का पता लगाना, पशुधन और कुक्कुट रोगों की निगरानी, रोग उद्भेद को नियंत्रित करना, विभागीय योजनाओं का प्रचार-प्रसार, पशुओं के रोग प्रतिबंधात्मक टीकाकरण एवं उपचार जैसी सेवाएं दी जाएगी। मोबाईल पशु चिकित्सा इकाई का संचालन सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक किया जाएगा। सप्ताह में एक दिन बंद रहेगा। मोबाईल वेटनरी यूनिट स्टॉफ को टीकाद्रव्य, एलएन 2 गैस, सीमेन स्ट्रा पशुधन विकास विभाग द्वारा प्रदाय किया जाएगा। टोल फ्री नंबर 1962 का संचालन राज्य स्तर पर किया जाएगा। मोबाइल वेटनरी यूनिट एक दिन में दो गौठान में जाकर पशु चिकित्सा कार्य किया जाएगा।

Next Story