एसपी सूरज सिंह परिहार ने ASI दिलहरण सिंह ठाकुर को दी ससम्मान विदाई

धमतरी। पुलिस परिवार के वरिष्ठ सदस्य सहायक उप निरीक्षक (सउनि.) दिलहरण सिंह ठाकुर को उनकी दीर्घ, अनुकरणीय एवं समर्पित सेवाओं के लिए आज ससम्मान विदाई दी गई। वर्ष 1983 में रायपुर जिले में आरक्षक पद पर भर्ती होकर, उन्होंने अपने कार्यकाल में विभाग के प्रति 42 वर्ष 03 माह 11 दिन तक निरंतर सेवा दी। सेवा काल के दौरान उन्होंने विभिन्न थानों और पुलिस कार्यालयों में पदस्थ रहकर सदैव अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और ईमानदारी से अपने दायित्वों का निर्वहन किया।
सेवानिवृत्ति अवसर पर पुलिस अधीक्षक कार्यालय धमतरी में विदाई समारोह आयोजित किया गया। पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार ने सउनि. दिलहरण सिंह ठाकुर को शाल, श्रीफल एवं उपहार भेंट कर सम्मानित किया तथा उनके दीर्घ सेवा काल की सराहना की।
अपने उद्बोधन में पुलिस अधीक्षक महोदय ने कहा- “सउनि. दिलहरण सिंह ठाकुर ने अपने 42 वर्षों के सेवाकाल में विभाग की गरिमा और अनुशासन को सर्वोपरि रखा है। उन्होंने निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन किया है। वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में कार्य करते हुए इन्होंने हमेशा विभाग की प्रतिष्ठा को बढ़ाया। मैं इनके उज्ज्वल भविष्य, उत्तम स्वास्थ्य और पारिवारिक सुख-समृद्धि की हार्दिक शुभकामनाएं देता हूँ।”
सहकर्मियों ने सउनि. दिलहरण सिंह ठाकुर के सरल, सौम्य और सहयोगी व्यवहार की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने सदैव सभी के प्रति आदर और सहयोग का भाव रखा। सभी ने उन्हें बेहतर स्वास्थ्य, सुखमय पारिवारिक जीवन और दीर्घायु की शुभकामनाएं दीं। सेवानिवृत्ति उपरांत उन्हें शासकीय वाहन से उनके निवास स्थान तक ससम्मान विदा किया गया।





