छत्तीसगढ़
कानून-व्यवस्था को लेकर SP अंकिता शर्मा ने ली समीक्षा बैठक
Shantanu Roy
27 May 2026 7:54 PM IST

x
छग
Rajnandgaon. राजनांदगांव। राजनांदगांव जिले में आगामी पंचायत चुनाव, त्योहारों और संभावित संवेदनशील परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने जिले के सभी राजपत्रित अधिकारियों, थाना प्रभारियों और शाखा प्रभारियों की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक ली। इस बैठक में कानून व्यवस्था, विजिबल पुलिसिंग, त्वरित रिस्पांस और पुलिस अनुशासन को लेकर विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए गए।
बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर, एसडीओपी डोंगरगढ़, एसडीओपी डोंगरगांव, डीएसपी हेडक्वार्टर, डीएसपी ऑपरेशंस सहित जिले के सभी थाना प्रभारी उपस्थित रहे। बैठक के दौरान एसपी अंकिता शर्मा ने पूर्व में हुई संवेदनशील घटनाओं को केस स्टडी के रूप में प्रस्तुत किया और अधिकारियों को कानून व्यवस्था से जुड़े मामलों में पूर्वानुमान लगाने, त्वरित निर्णय लेने और प्रभावी पुलिस प्रतिक्रिया देने पर जोर दिया।
एसपी ने आगामी पंचायत चुनाव, संवेदनशील क्षेत्रों, भीड़भाड़ वाले स्थानों और सोशल मीडिया गतिविधियों से उत्पन्न संभावित चुनौतियों की विस्तृत समीक्षा की। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए व्यापक रणनीति तैयार की गई। बैठक में “लॉ एंड ऑर्डर क्विक रिस्पांस टीम” की भी समीक्षा की गई। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि यह टीम लगभग एक माह पूर्व गठित की गई थी, जो पुलिस लाइन और एसपी कार्यालय में हमेशा रेडी मोड में रहती है। किसी भी कानून व्यवस्था की स्थिति में यह टीम 10 से 15 मिनट के भीतर मौके पर पहुंचकर कार्रवाई सुनिश्चित कर रही है। बेहतर रिस्पांस टाइम के लिए रिजर्व इंस्पेक्टर की सराहना भी की गई।
एसपी अंकिता शर्मा ने सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिए कि क्षेत्र में लगातार पेट्रोलिंग बढ़ाई जाए, संदिग्ध व्यक्तियों पर नजर रखी जाए और असामाजिक तत्वों पर सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने यह भी कहा कि चुनाव और त्योहारों के दौरान सामाजिक एवं धार्मिक सौहार्द बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। इसके लिए शांति समिति की बैठकें नियमित रूप से आयोजित की जाएं तथा जनप्रतिनिधियों, धर्मगुरुओं और गणमान्य नागरिकों से सतत संवाद रखा जाए।
बैठक में सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों और भ्रामक जानकारी को लेकर भी सख्त निर्देश दिए गए। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि किसी भी प्रकार की आपत्तिजनक या भ्रामक पोस्ट पर तुरंत कार्रवाई की जाए और साइबर मॉनिटरिंग को और मजबूत किया जाए। साथ ही समय-समय पर आधिकारिक जानकारी जारी कर अफवाहों का खंडन किया जाए।
इसके अलावा रात्रि गश्त को प्रभावी बनाने, गुंडा-बदमाशों की नियमित चेकिंग करने, सार्वजनिक स्थलों पर पुलिस की उपस्थिति बढ़ाने और संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त बल तैनात करने के निर्देश भी दिए गए। कानून व्यवस्था की स्थिति को और बेहतर बनाने के लिए मॉक ड्रिल और नियमित अभ्यास की योजना भी तैयार की गई।
एसपी ने स्पष्ट कहा कि आमजन की सुरक्षा और जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी अधिकारी और कर्मचारी अनुशासन, संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का पालन करें। राजनांदगांव पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि जिले में शांति और सौहार्दपूर्ण वातावरण बना रहे।
Tagsराजनांदगांवएसपी अंकिता शर्मापंचायत चुनावपुलिस समीक्षा बैठककानून व्यवस्थाक्विक रिस्पांस टीमसोशल मीडिया निगरानीछत्तीसगढ़ पुलिसशांति व्यवस्थासुरक्षा रणनीतिRajnandgaonSP Ankita SharmaPanchayat electionspolice review meetinglaw and orderquick response teamsocial media monitoringChhattisgarh Policepeace and ordersecurity strategy
Next Story





