छत से मकान अंदर घुसा दामाद, सास और अपनी पत्नी पर किया हमला

बिलासपुर। लिंगियाडीह में रहने वाले युवक ने छत के रास्ते मकान में घुसकर पत्नी और सास पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में घायल महिलाओं को उपचार के लिए भर्ती कराया गया है। घटना की शिकायत पर पुलिस हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर आरोपित की तलाश कर रही है। सरकंडा के लिंगियाडीह में रहने वाले मुन्न यादव सिक्यूरिटी गार्ड का काम करते हैं। वे ड्यूटी पर चले गए। घर में उनकी पत्नी सकुन यादव और बेटी अंजली थी।
रात नौ बजे अंजली और उसकी मां खाना खाने के बाद सोने चली गई। रात 10 बजे घर के बाहर से आवाज आने पर अंजली कमरे से बाहर निकली। बाहर में उन्हें कोई नहीं मिला तो वे कमरे में लौट रही थी। इसी बीच घर के बाथरूम से अंजली का पति सोमेश यादव निकल आया। उसने अपनी पत्नी से गाली-गलौज करते हुए चाकू से हमला कर दिया। शोरगुल की आवाज सुनकर अंजली की मां सकुन कमरे से बाहर निकली। मारपीट को देखकर उसने बीच-बचाव की कोशिश की। इस पर सोमेश ने उन्हें भी चाकू मार दिया। चाकू से हो रहे हमले से बचने के लिए मां-बेटी भागकर बगल में रहने वाली सुशीला यादव के घर चली गईं। इस पर सोमेश वहां पर भी पहुंच गया। उसने अपनी पत्नी से मारपीट शुरू कर दी। इस पर पड़ोसियों ने किसी तरह बीच-बचाव किया। लोगों की भीड़ बढ़ने पर वह भाग निकला। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।