छत्तीसगढ़
रायपुर में मां की हत्या कर सामान्य मौत बताने वाला बेटा गिरफ्तार
Shantanu Roy
19 Nov 2026 5:35 PM IST

x
छग
Raipur. रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में मां की हत्या कर उसे सामान्य मृत्यु बताकर छिपाने के मामले में खमतराई पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। करीब तीन साल पुराने मामले की जांच में पुलिस ने मृतका के बेटे को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने पारिवारिक विवाद के चलते अपनी मां की हत्या कर दी थी और घटना को छिपाने के लिए शव के सिर पर गमछा बांधकर गुलाल लगा दिया था। इसके बाद परिजनों और आसपास के लोगों को मां की सामान्य मृत्यु होने की जानकारी देकर हत्या की वारदात को छिपाने का प्रयास किया था। मृतका की बेटी की शिकायत, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और गवाहों के बयानों के आधार पर पुलिस ने मामले की दोबारा गहन जांच की, जिसके बाद आरोपी की संलिप्तता सामने आई। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह मामला खमतराई थाना क्षेत्र के धनलक्ष्मी नगर, भनपुरी का है। यहां रहने वाली श्यामा गोस्वामी की 5 जुलाई 2023 को संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। उस समय उनकी मृत्यु को सामान्य मौत बताने का प्रयास किया गया था। हालांकि, मृतका के सिर में चोट और गले पर रस्सी के निशान होने के कारण मामला संदिग्ध था। खमतराई थाना में मर्ग क्रमांक 72/2023 दर्ज कर जांच की गई थी। जांच के दौरान पुलिस को मृतका के सिर पर चोट और गले में रस्सी के निशान मिलने से संबंधित तथ्य प्राप्त हुए थे।
बाद में पोस्टमार्टम रिपोर्ट, परिजनों और गवाहों के बयानों तथा अन्य तथ्यों के आधार पर घटना की गहराई से जांच की गई। पुलिस जांच में सामने आया कि मृतका श्यामा गोस्वामी और उनके बेटे संजू उर्फ संदीप गिरि गोस्वामी के बीच पारिवारिक विवाद चल रहा था। आरोपी अपनी पत्नी और बच्चों को घर लाना चाहता था, लेकिन इसी बात को लेकर उसका अपनी मां से विवाद हो रहा था। पुलिस के अनुसार, 5 जुलाई 2023 को भी इसी मुद्दे पर मां-बेटे के बीच विवाद हुआ था। विवाद बढ़ने पर आरोपी संजू ने अपनी मां को दीवार की ओर धक्का दे दिया, जिससे उनके सिर में चोट लग गई। इसके बाद जब श्यामा गोस्वामी दर्द से कराहने लगीं, तो आरोपी ने गुस्से में आकर पास में रखे सिलबट्टे के लोहे से उनके सिर के पीछे वार कर दिया। हमले के कारण महिला के सिर से खून बहने लगा। इसके बाद भी आरोपी नहीं रुका। पुलिस के मुताबिक, उसने पलंग में लगी मच्छरदानी की रस्सी से अपनी मां का गला घोंट दिया, जिससे उनकी मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने हत्या के साक्ष्य छिपाने का प्रयास किया। उसने अपनी मां के सिर पर गमछा बांध दिया और माथे तथा सिर पर गुलाल लगा दिया। इसके बाद उसने अपनी बहनों और पुलिस को हत्या की वास्तविक जानकारी नहीं दी। आरोपी ने आसपास के लोगों को भी अपनी मां की सामान्य मृत्यु होने की बात बताई। पुलिस के अनुसार, इस तरह आरोपी ने हत्या की घटना को छिपाने और लोगों को गुमराह करने का प्रयास किया। इस मामले में नया मोड़ तब आया, जब मृतका की पुत्री संगीता गोस्वामी ने अपनी मां की मृत्यु को लेकर संदेह व्यक्त किया।
उनकी शिकायत के बाद पुलिस ने पूर्व में की गई मर्ग जांच से जुड़े तथ्यों का दोबारा सूक्ष्मता से परीक्षण किया। पुलिस ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट का अवलोकन करने के साथ ही परिजनों और गवाहों से पूछताछ की। घटनाक्रम के विभिन्न पहलुओं की जांच में मृतका के पुत्र संजू उर्फ संदीप गिरि गोस्वामी की भूमिका संदिग्ध पाई गई। इसके बाद वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में थाना खमतराई पुलिस और एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट की संयुक्त टीम ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपनी मां की हत्या करने की बात स्वीकार की। पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला और अतिरिक्त पुलिस कमिश्नर अमित तुकाराम कांबले (आईपीएस) के निर्देशन में इस मामले की जांच की गई। पुलिस उपायुक्त क्राइम एवं साइबर स्मृतिक रजनाला तथा पुलिस उपायुक्त नॉर्थ जोन दीपमाला कश्यप द्वारा गंभीर एवं संदिग्ध मृत्यु के मामलों की गहन जांच कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए थे। इसी क्रम में खमतराई पुलिस और एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट की संयुक्त टीम ने पुराने मामले के तथ्यों की जांच करते हुए आरोपी की गिरफ्तारी की कार्रवाई पूरी की। गिरफ्तार आरोपी की पहचान संजू उर्फ संदीप गिरि गोस्वामी, पिता स्वर्गीय अंबिकेश्वर पुरी गोस्वामी, उम्र 44 वर्ष, निवासी धनलक्ष्मी नगर, भनपुरी, थाना खमतराई, रायपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 1240/2026 के तहत भारतीय दंड संहिता की धारा 302 और 201 में अपराध दर्ज किया है। आरोपी को 19 नवंबर 2026 को गिरफ्तार किया गया। करीब तीन साल पुराने इस मामले का खुलासा मृतका की बेटी द्वारा जताए गए संदेह और पुलिस की विस्तृत जांच के बाद हुआ है। हत्या को सामान्य मृत्यु बताकर छिपाने के आरोप में पुलिस ने बेटे को गिरफ्तार कर लिया है। मामले के खुलासे में थाना खमतराई पुलिस एवं एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
Tagsरायपुर मां की हत्याखमतराई पुलिससंजू गोस्वामी गिरफ्तारतीन साल पुराना हत्याकांडएंटी क्राइम एंड साइबर यूनिटसाइबर यूनिटएंटी क्राइमरायपुर एंटी क्राइमरायपुर में मर्डरमां की हत्याRaipur mother's murderKhamtarai policeSanju Goswami arrestedthree year old murder caseAnti Crime and Cyber UnitCyber UnitAnti CrimeRaipur Anti CrimeMurder in RaipurMother's murder
Next Story





