बेटे और बहू ने मां को चप्पल मारकर निकाला घर से, थाने में शिकायत होते ही मांगने लगे माफी

DEMO PIC
बिलासपुर। अभिषेक विहार में रहने वाले बेटे ने पत्नी के साथ मिलकर 70 साल की मां को चप्पल मारकर घर से निकाल दिया। पुलिस की नारी शक्ति टीम ने रात में वृद्धा को सड़क में घूमते देख सहारा दिया। इसके बाद शनिवार की सुबह उनके बेटे और बहू को थाने बुलवाया। थाने पहुंचते ही बेटा और बहू वृद्धा से माफी मांगने लगे। बेटे की आंखों में आंसू देखकर मां ने पुलिस से शिकायत वापस ले ली। वहीं, पुलिस ने बेटे और बहू को समझाइश दी है। मामला अभिषेक विहार मंगला का है। यहां पर 70 वर्षीय वृद्धा अपने बेटे और बहू के साथ रहती हैं। महिला ने बताया कि उनके पति डीएसपी थे। उनकी मौत के बाद उनके बेटे और बहू सामान के साथ अपने घर ले आए। यहां आते ही दोनों उन्हें धमकियां देने लगे। साथ ही बहू भी मारपीट करने लगी।
शुक्रवार की रात बेटा और बहू ने उनसे मारपीट की। इस दौरान उनकी चप्पल से भी पिटाई की गई। मारपीट के बाद बेटे और बहू ने उन्हें घर से निकाल दिया। वृद्ध सड़क में घूम रही थी। इसी बीच नारी शक्ति टीम के सदस्यों की नजर उन पर पड़ी। पूछताछ के दौरान वृद्धा रोने लगी। उसने अपने साथ हुई घटना की जानकारी टीम के सदस्यों को दी। इस पर टीम ने सिविल लाइन थाने में जानकारी दी। पुलिस की टीम रात में उनके घर पहुंच गईं। इस दौरान बेटा-बहू घर में नहीं मिले।
टीम के सदस्यों ने वृद्धा को आश्रम भेज दिया। शनिवार की सुबह महिला के बेटा और बहू को थाने लाया गया। थाने में अपनी मां पर ही बेटे ने मारपीट का आरोप लगाया। वृद्धा की हालत देखते हुए पुलिस ने थोड़ी कड़ाई बरती तो युवक रोने लगा। इसके बाद वह अपनी मां से माफी मांगने लगा। बेटे की आंखों में आंसू देखकर महिला ने पुलिस से अपनी शिकायत वापस ले ली। इस पर पुलिस ने बेटा और बहू को समझाइश दी है। महिला को टीम के सदस्यों ने उनके घर भेज दिया।





