छत्तीसगढ़

1 मई से 10 जून के मध्य समाधान शिविर होंगे आयोजित

Nil dhankar
27 April 2026 4:41 PM IST
1 मई से 10 जून के मध्य समाधान शिविर होंगे आयोजित
x

महासमुन्द। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के मंशानुरूप जन शिकायतों के समयबद्ध एवं प्रभावी निराकरण को सुनिश्चित करने तथा आमजन को सुगम, पारदर्शी एवं त्वरित सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से इस वर्ष भी जिले में 01 मई से 10 जून 2026 के मध्य सुशासन तिहार-2026 का आयोजन किया जाएगा।

कलेकटर विनय कुमार लंगेह ने समाधान शिविरों के प्रभावी आयोजन एवं ग्रामवार क्लस्टर कार्यक्रम की जानकारी तैयार करने हेतु मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत हेमन्त रमेश नंदनवार को नोडल अधिकारी नियुक्त किया है। साथ ही रवि कुमार साहू, अपर कलेक्टर महासमुन्द को सहायक नोडल अधिकारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

ज्ञात हो कि गत वर्ष आयोजित सुशासन तिहार के सकारात्मक परिणाम प्राप्त हुए थे। इसी कड़ी में इस वर्ष भी 01 मई से 10 जून 2026 के मध्य जिले के ग्राम पंचायत मुख्यालयों, नगरीय निकाय कार्यालयों, विकासखण्ड मुख्यालयों एवं जिला मुख्यालय स्तर पर जन समस्या निवारण शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों में आम नागरिकों से उनकी समस्याओं एवं शिकायतों से संबंधित आवेदन प्राप्त किए जाएंगे, जिनका समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जाएगा। सुशासन तिहार का मुख्य उद्देश्य आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान, शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा, विकास कार्यों में गति लाना तथा आम जनता, जनप्रतिनिधियों एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों के साथ सीधा संवाद स्थापित करना है।

Next Story