छत्तीसगढ़

ग्राम पंचायत बिछिया में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन को मिल रहा बढ़ावा

Shantanu Roy
27 Jun 2026 6:14 PM IST
ग्राम पंचायत बिछिया में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन को मिल रहा बढ़ावा
x
छग
Mahasamund. महासमुंद। जिले में घर-घर कचरा संग्रहण व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए कलेक्टर विनय कुमार लंगेह एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी हेमंत रमेश नंदनवार द्वारा इसकी सतत समीक्षा की जा रही है तथा ग्राम पंचायतों को स्वच्छता गतिविधियों को प्रभावी रूप से संचालित करने के निर्देश दिए जा रहे हैं। इसी क्रम में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम 2026 के प्रभावी क्रियान्वयन के तहत जनपद पंचायत बसना अंतर्गत ग्राम पंचायत बिछिया (पो) में स्वच्छाग्रही समूहों की दीदियों द्वारा घर-घर जाकर सूखे एवं गीले कचरे का संग्रहण किया जा रहा है।

ग्राम पंचायत की स्वच्छता दीदियां सुबह से ही गार्बेज रिक्शा के माध्यम से स्वच्छता संदेश एवं गीतों के साथ ग्रामीणों के घरों तक पहुंच रही हैं और नियमित रूप से कचरा संग्रहण कर ग्रामीणों को अपने गांव को साफ-सुथरा रखने के लिए प्रेरित कर रही हैं। संग्रहित कचरे को एसएलडब्ल्यूएम शेड (ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन केंद्र) में लाकर पृथक्करण किया जा रहा है। यहां सूखे एवं गीले कचरे को अलग-अलग किया जा रहा है, वहीं प्लास्टिक कचरे को पृथक कर प्लास्टिक वेस्ट मैनेजमेंट यूनिट गनेकेरा भेजने की तैयारी की जा रही है। ग्राम पंचायत बिछिया (पो) में इस कार्य को सफल बनाने में सरपंच रीना गड़तिया, सचिव मेघनाथ पटेल एवं जनपद सदस्य राजेश गड़तिया द्वारा स्वच्छाग्रही समूहों की दीदियों को आवश्यक सहयोग एवं मार्गदर्शन प्रदान किया जा रहा है। स्वच्छता दीदियों के प्रयासों से ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ रही है।
Next Story