छत्तीसगढ़

सर्पदंश मुआवजा घोटाला: प्रियंका सोनी को HC से राहत, मिली स्थायी जमानत

SHIDDHANT
10 Sept 2026 11:57 PM IST
सर्पदंश मुआवजा घोटाला: प्रियंका सोनी को HC से राहत, मिली स्थायी जमानत
x
छग
Bilaspur बिलासपुर बहुचर्चित सर्पदंश मुआवजा घोटाले में फर्जी पोस्टमार्टम रिपोर्ट जारी करने के आरोपों का सामना कर रहीं डॉ. प्रियंका सोनी को हाईकोर्ट से बड़ी राहत मिली है। मामले की सुनवाई के बाद हाईकोर्ट की एकलपीठ ने उन्हें स्थायी जमानत प्रदान कर दी। डॉ. प्रियंका पर सर्पदंश से मौत के तीन मामलों में कथित तौर पर फर्जी पोस्टमार्टम रिपोर्ट जारी करने का आरोप है। जमानत याचिका पर सुनवाई के दौरान डॉ. प्रियंका की ओर से अधिवक्ता ने कोर्ट के सामने कई तर्क रखे। बचाव पक्ष ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट विशेषज्ञ चिकित्सक द्वारा तैयार की जाती है। ऐसी किसी रिपोर्ट को गलत या फर्जी साबित करने के लिए विशेषज्ञ कमेटी की जांच और उसकी रिपोर्ट आवश्यक है।
अधिवक्ता का तर्क था कि इस मामले में किसी विशेषज्ञ कमेटी की रिपोर्ट के बिना ही डॉ. प्रियंका को आरोपी बनाया गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट की विशेषज्ञ स्तर पर जांच कर उसे खारिज किए जाने की प्रक्रिया भी पूरी नहीं की गई। इन तर्कों और मामले के तथ्यों पर विचार करने के बाद कोर्ट ने चिकित्सक को स्थायी जमानत दे दी। सर्पदंश मुआवजा प्रकरणों की जांच के दौरान पुलिस ने कथित तौर पर एक संगठित नेटवर्क की भूमिका सामने आने का दावा किया था। आरोप है कि सरकारी मुआवजा हासिल करने के लिए मौत के कुछ मामलों को सर्पदंश से जोड़कर दस्तावेज तैयार किए जाते थे।
जांच में यह आरोप भी सामने आया कि कुछ मामलों में बीमारी से हुई मौत को सर्पदंश से हुई मौत दर्शाने के लिए शव पर सांप के काटने जैसे निशान बनाए गए। इसके बाद कथित फर्जी पोस्टमार्टम रिपोर्ट, मर्ग पंचनामा और पटवारी प्रतिवेदन के जरिए मुआवजा प्रकरण आगे बढ़ाए जाते थे। मामले की जांच में तहसील कार्यालय से जुड़े कुछ कर्मचारियों की भूमिका भी जांच के दायरे में आई है। पुलिस के अनुसार कुछ दस्तावेजों में चिकित्सकों के कथित फर्जी हस्ताक्षरों के इस्तेमाल की बात भी सामने आई है।
रतनपुर थाना क्षेत्र के एक मामले में हार्ट अटैक से हुई मौत को सर्पदंश से हुई मौत बताकर मुआवजा हासिल करने के प्रयास का आरोप है। वहीं कोनी थाना क्षेत्र के तीन मामलों के दस्तावेजों में भी कथित अनियमितताएं सामने आई हैं। पुलिस अब तक इस पूरे प्रकरण में 15 एफआईआर दर्ज कर चुकी है।
Next Story