छत्तीसगढ़
सुकमा में प्रतिबंधित सिरप और कैप्सूल के साथ तस्कर गिरफ्तार
Shantanu Roy
6 Sept 2026 5:52 PM IST

x
छग
Sukma. सुकमा। जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ सुकमा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। ऑपरेशन आगाज के तहत पुलिस ने प्रतिबंधित नशीली सिरप और नशे की गोलियों के साथ एक अंतर्राज्यीय आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 720 नग कैप्सूल और 108 नग प्रतिबंधित सिरप बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार, जब्त नशीले पदार्थों की कीमत करीब 70 हजार रुपये बताई गई है। इसके अलावा घटना में इस्तेमाल की गई बाइक और मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक मयंक गुर्जर के निर्देशन में की गई। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में अवैध नशे के कारोबार पर रोक लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। अब तक ऑपरेशन आगाज के तहत 24 अंतर्राज्यीय तस्करों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए करीब 3 करोड़ 31 लाख 77 हजार 650 रुपये के मादक पदार्थ जब्त किए जा चुके हैं।
ओडिशा से नशे की खेप लेकर पहुंचा था आरोपी
पुलिस को सूचना मिली थी कि ओडिशा से एक व्यक्ति भारी मात्रा में नशीली सिरप और गोलियां लेकर सुकमा शहर में बिक्री के लिए आने वाला है। सूचना मिलने के बाद वरिष्ठ अधिकारियों को जानकारी दी गई। इसके बाद सिटी कोतवाली थाना प्रभारी रोशन सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम का गठन किया गया। टीम ने मुखबिर से मिली जानकारी के आधार पर कुम्हारपारा क्षेत्र में घेराबंदी की। इस दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध व्यक्ति को पकड़कर पूछताछ की। पूछताछ में उसने अपना नाम राजेंद्र बिस्वास पिता गोविंद बिस्वास उम्र 36 वर्ष निवासी पदमगिरी बताया। आरोपी ने बताया कि वह वर्तमान में ओडिशा के मलकानगिरी में रह रहा था।
कार्टून में छिपाकर ले जा रहा था नशीली सामग्री
पुलिस के अनुसार, आरोपी एक कार्टून में नशीली सामग्री लेकर जा रहा था। जब उससे दवाइयों से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे गए तो वह कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। इसके बाद पुलिस ने आरोपी के कब्जे की जांच की तो उसमें Pyeevon Spas Plus कैप्सूल 720 नग और OnyRex-plus Cough Syrup 108 नग बरामद हुए। पुलिस ने नशीली सामग्री के साथ आरोपी की बाइक और मोबाइल फोन भी जब्त कर लिया। आरोपी के खिलाफ थाना सिटी कोतवाली में एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया गया है।
बड़े तस्करों तक पहुंचने की तैयारी
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले की एंड-टू-एंड विवेचना की जा रही है। जांच के दौरान नशे के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और बड़े तस्करों की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही इस मामले में जुड़े अन्य आरोपियों के खिलाफ भी कार्रवाई की जा सकती है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है। सुकमा पुलिस ने लोगों से अपील की है कि जिले में नशे के अवैध कारोबार की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें। पुलिस का कहना है कि युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए लगातार प्रभावी कार्रवाई जारी रहेगी।
Next Story





