छत्तीसगढ़

जूटमिल मारपीट में साजिश की बू? पुलिस को सूचना देने वाले को ही बना दिया आरोपी

Shantanu Roy
14 July 2025 10:04 PM IST
जूटमिल मारपीट में साजिश की बू? पुलिस को सूचना देने वाले को ही बना दिया आरोपी
x
छग
Raigarh. रायगढ़। जूटमिल थाना क्षेत्र में हाल ही में हुई मारपीट की घटना अब महज दो पक्षों की लड़ाई नहीं रह गई, बल्कि यह मामला अब कानून, राजनीति और साजिश के घालमेल का रूप ले चुका है। इस पूरे घटनाक्रम में सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि जिस युवक ने पुलिस को झगड़े की जानकारी दी, उसे ही गंभीर धाराओं में आरोपी बना जेल भेज दिया गया। पूरा मामला तब सामने आया जब पत्रकार मनीष सिंह ने पुलिस अधीक्षक को पूर्व में ही हमले और षड्यंत्र की आशंका जताते हुए शिकायत पत्र सौंपा था। बावजूद इसके पुलिस की निष्क्रियता ने उनके परिवार को झूठे मामले में फंसाने का अवसर दे दिया।


आरोपी या झगड़ा शांत कराने वाला?
घटना वाले दिन बंटी सिंह, जो एक जिम्मेदार नागरिक की भूमिका में थे, ने जूटमिल थाना प्रभारी को फोन कर तत्काल घटना की जानकारी दी। उन्होंने मौके पर पहुंचकर मोबाइल से वीडियो बनाते हुए, दूसरे हाथ से झगड़ा शांत कराने की कोशिश भी की। यह सब वीडियो में स्पष्ट रूप से देखा जा सकता है। लेकिन आश्चर्यजनक रूप से पुलिस ने उसी बंटी सिंह पर बीएनएस (BNS) की कई गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर जेल भेज दिया। इससे न केवल कानून व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं, बल्कि यह मामला अब पुलिस की भूमिका और निष्पक्षता पर भी प्रश्नचिन्ह खड़े कर रहा है। स्थानीय लोगों और सामाजिक कार्यकर्ताओं का कहना है कि यह कार्रवाई किसी दबाव या बदले की भावना से प्रेरित लगती है। वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि बंटी सिंह न तो किसी को मारते हैं, न ही झगड़े में शामिल होते हैं, बल्कि वह शांति स्थापित करने का प्रयास कर रहे हैं।
Next Story