छत्तीसगढ़

नवा रायपुर में स्मार्ट पंजीयन कार्यालय का लोकार्पण, रजिस्ट्री प्रक्रिया होगी और अधिक सरल व पारदर्शी

Shantanu Roy
30 Sept 2025 11:49 PM IST
नवा रायपुर में स्मार्ट पंजीयन कार्यालय का लोकार्पण, रजिस्ट्री प्रक्रिया होगी और अधिक सरल व पारदर्शी
x
छग
Raipur. रायपुर। नवा रायपुर सेक्टर-21 स्थित सीबीडी बिल्डिंग में स्मार्ट पंजीयन कार्यालय का लोकार्पण किया गया। यह कार्यालय राज्य सरकार द्वारा रजिस्ट्री व्यवस्था में सुधार और नागरिकों की सुविधा बढ़ाने की दिशा में उठाया गया एक महत्वपूर्ण कदम है। कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, उपमुख्यमंत्री अरुण साव, केबिनेट मंत्री ओ.पी. चौधरी, रामविचार नेताम, खुशवंत साहेब, राजेश अग्रवाल सहित विभागीय अधिकारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। राज्य सरकार का कहना है कि इस पहल से रजिस्ट्री व्यवस्था और अधिक सरल, पारदर्शी एवं सुगम बनेगी। इससे नागरिकों को संपत्ति पंजीयन से जुड़ी प्रक्रियाओं में समय और श्रम की बचत होगी। साथ ही, आधुनिक तकनीक और डिजिटल माध्यमों का इस्तेमाल करके रजिस्ट्री प्रक्रिया को भ्रष्टाचार-मुक्त और त्वरित बनाया जाएगा।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि स्मार्ट पंजीयन कार्यालय के माध्यम से लोगों को अब बेहतर सुविधा उपलब्ध होगी। इससे आम नागरिकों का सरकारी तंत्र पर भरोसा और मजबूत होगा। न केवल रजिस्ट्री प्रक्रिया में पारदर्शिता आएगी बल्कि नागरिकों को विभिन्न औपचारिकताओं में लगने वाली परेशानी से भी राहत मिलेगी। उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि राज्य सरकार जनता की सुविधाओं को प्राथमिकता दे रही है। रजिस्ट्री जैसे संवेदनशील और आम जनजीवन से जुड़े विषय में सुधार करना सरकार की पारदर्शिता और सुशासन की नीति का प्रतीक है। वहीं, उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने इस पहल को प्रदेश की प्रशासनिक व्यवस्था में एक मील का पत्थर बताया।
कैबिनेट मंत्री ओ.पी. चौधरी ने कहा कि अब रजिस्ट्री प्रक्रिया पूरी तरह से डिजिटल होगी, जिससे नकल, हेराफेरी और अनावश्यक देरी पर रोक लगेगी। रामविचार नेताम ने कहा कि इस व्यवस्था से ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों के लोगों को फायदा होगा। वहीं, राजेश अग्रवाल और खुशवंत साहेब ने भी इसे नागरिकों की सुविधा और राज्य के सुशासन की दिशा में एक अहम कदम बताया। विभागीय अधिकारियों ने बताया कि स्मार्ट पंजीयन कार्यालय अत्याधुनिक तकनीक से लैस होगा। इसमें नागरिकों के लिए ऑनलाइन स्लॉट बुकिंग, डिजिटल दस्तावेज अपलोड और तत्काल पंजीयन जैसी सुविधाएँ उपलब्ध कराई जाएँगी। इसके साथ ही पारंपरिक पद्धति की परेशानियों को समाप्त करने पर जोर दिया गया है।
Next Story