छत्तीसगढ़

रायपुर में एक रात में 6 बाइक चोरी, शातिर चोर गिरफ्तार

Shantanu Roy
19 Aug 2026 5:01 PM IST
रायपुर में एक रात में 6 बाइक चोरी, शातिर चोर गिरफ्तार
x
छग
Raipur. रायपुर। राजधानी रायपुर में वाहन चोरी की घटनाओं पर लगाम लगाने पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। कमिश्नरेट रायपुर के डीसीपी सेंट्रल जोन के निर्देश पर थाना सिविल लाइन पुलिस और क्राइम टीम ने शातिर वाहन चोर गोलू देवार को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से चोरी की गई 6 मोटर सायकल बरामद की गई हैं, जिनकी कुल कीमत करीब 2 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस के अनुसार चोरी और नकबजनी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए पुलिस उपायुक्त मध्य क्षेत्र कमिश्नरेट रायपुर श्री तारकेश्वर पटेल ने क्षेत्र के पुलिस अधिकारियों और थाना प्रभारियों को प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे। इसके बाद पुलिस टीमों ने मुखबिर तंत्र सक्रिय कर चोरी की घटनाओं में शामिल आरोपियों की तलाश शुरू की।
इसी अभियान के तहत 14 अगस्त 2026 और 17 अगस्त 2026 को थाना सिविल लाइन में बाइक चोरी की शिकायत दर्ज कराई गई थी। प्रार्थी राजकुमार खटवानी और मनीष खंदार ने पुलिस को बताया कि उन्होंने अपनी-अपनी मोटरसाइकिल घर के सामने खड़ी की थी, लेकिन कुछ समय बाद वापस आने पर वाहन गायब मिले। अज्ञात चोरों द्वारा दोनों बाइक चोरी कर ली गई थीं। शिकायत मिलने के बाद थाना सिविल लाइन में अपराध क्रमांक 425/2026 और 432/2026 धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन और थाना प्रभारी सिविल लाइन के नेतृत्व में पुलिस टीम ने चोरी की घटनाओं की जांच तेज की।
पुलिस टीम ने घटनास्थलों और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके साथ ही स्थानीय लोगों से पूछताछ कर संदिग्धों की जानकारी जुटाई गई। इसी दौरान पुलिस को वाहन चोरी में शामिल आरोपी के संबंध में महत्वपूर्ण सूचना मिली। सूचना के आधार पर पुलिस ने सुभाष नगर देवार मोहल्ला निवासी गोलू देवार को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने रायपुर शहर के अलग-अलग इलाकों से बाइक चोरी करना स्वीकार किया। आरोपी ने राजेंद्र नगर, कटोरा तालाब, कुकुरबेड़ा आमानाका, देवेंद्र नगर, खजाना चौक और मल्टीलेवल पार्किंग क्षेत्र से कुल 6 मोटरसाइकिल चोरी करने की बात कबूल की।
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी की गई सभी 6 मोटरसाइकिल बरामद कर लीं। बरामद वाहनों की कुल कीमत करीब 2 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। गिरफ्तार आरोपी गोलू देवार पिता महेश देवार उम्र 36 वर्ष निवासी सुभाष नगर, देवार मोहल्ला, थाना तेलीबांधा जिला रायपुर का रहने वाला है। पुलिस का कहना है कि वाहन चोरी से जुड़े अन्य मामलों में भी आरोपी की भूमिका की जांच की जा रही है। राजधानी में लगातार हो रही वाहन चोरी की घटनाओं के बीच पुलिस की यह कार्रवाई महत्वपूर्ण मानी जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने आम लोगों से अपील की है कि अपने वाहनों को सुरक्षित स्थान पर खड़ा करें और सुरक्षा के लिए लॉक व अन्य सावधानियों का इस्तेमाल करें।
Next Story