छत्तीसगढ़
पिकअप में डीजे का चोरी का सामान लेकर ग्राहक तलाश रहे थे 6 आरोपी गिरफ्तार
Shantanu Roy
25 Aug 2026 11:17 PM IST

x
छग
Janjgir-Champa. जांजगीर-चांपा। मुलमुला थाना क्षेत्र में कमरे का ताला तोड़कर करीब 1.40 लाख रुपये के डीजे उपकरण और गैस सिलेंडर चोरी करने के मामले में पुलिस ने छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज होने के बाद 24 घंटे के भीतर मामले का खुलासा करने का दावा किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी गया पूरा सामान और उसके परिवहन में इस्तेमाल किया गया पिकअप वाहन बरामद किया गया है। पुलिस के मुताबिक, पैधारकोसा निवासी सुदर्शन यादव ने मुलमुला थाने में चोरी की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायतकर्ता ने बताया कि 23 अगस्त 2026 की रात अज्ञात चोरों ने उसके कमरे का ताला तोड़ दिया। चोर कमरे में रखे तीन एम्प्लीफायर, चार साउंड बॉक्स, एक डीजे मिक्सर और एक एचपी गैस सिलेंडर चोरी कर ले गए थे। चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब एक लाख 40 हजार रुपये बताई गई।
शिकायत के आधार पर मुलमुला पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच प्रारंभ की। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में थाना प्रभारी ने चोरी गए सामान की बरामदगी और आरोपियों की पहचान के लिए टीम गठित की। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ आसपास के लोगों से पूछताछ की और संभावित रास्तों एवं संदिग्ध व्यक्तियों के संबंध में जानकारी जुटाई। विवेचना के दौरान 25 अगस्त को पुलिस को मोबाइल के माध्यम से सूचना मिली कि कुछ लोग चोरी का सामान पिकअप वाहन क्रमांक सीजी 10 बीजी 9773 में लोड कर कुटीघाट के पास पहुंचे हैं। आरोपी वहां डीजे का सामान बेचने के लिए ग्राहक की तलाश कर रहे थे। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम तत्काल रवाना हुई और कुटीघाट सहित आसपास के रास्तों पर निगरानी शुरू की।
इसी दौरान मुलमुला से बिलासपुर की ओर जा रहे संदिग्ध पिकअप वाहन को पुलिस टीम ने घेराबंदी कर रोक लिया। वाहन में चालक सहित छह व्यक्ति सवार मिले। पुलिस ने पिकअप की तलाशी ली तो उसमें तीन एम्प्लीफायर, चार साउंड बॉक्स, एक डीजे मिक्सर और एक एचपी गैस सिलेंडर रखा हुआ मिला। शिकायतकर्ता द्वारा बताए गए सामान से मिलान करने पर ये सभी उपकरण चोरी के पाए गए। पुलिस का दावा है कि पूछताछ के दौरान आरोपियों ने चोरी की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। आरोपियों ने कथित रूप से कमरे का ताला तोड़कर डीजे का सामान निकाला और उसे पिकअप वाहन में लोड किया था। चोरी के बाद सामान को बेचने के लिए कुटीघाट क्षेत्र में ग्राहक तलाशा जा रहा था, लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने सभी आरोपियों को पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में मुलमुला निवासी अमर टण्डन उम्र 24 वर्ष, विनय सांडिल्य उम्र 21 वर्ष, नरियरा निवासी संदीप तिवारी उम्र 23 वर्ष, रिस्दा थाना मस्तूरी निवासी इंदल उर्फ इंद्र गुलेरी उम्र 25 वर्ष, दलदली थाना मस्तूरी निवासी नीरज पाटले उम्र 22 वर्ष और भदौरा थाना मस्तूरी निवासी मनीष सिंह बलदेव उम्र 22 वर्ष शामिल हैं। पुलिस ने चोरी गया करीब 1.40 लाख रुपये का पूरा डीजे सामान और पिकअप वाहन जब्त किया है। आरोपियों के विरुद्ध मुलमुला थाने में अपराध क्रमांक 366/2026 दर्ज किया गया है। भारतीय न्याय संहिता की धारा 331(4), 305(1) और 3(5) के तहत कार्रवाई करते हुए सभी आरोपियों को 25 अगस्त 2026 को गिरफ्तार किया गया। इसके बाद उन्हें न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया। इस कार्रवाई में मुलमुला थाना प्रभारी निरीक्षक शिवनंदन सिंह, प्रशिक्षु उप निरीक्षक गोपी सिंह, सहायक उप निरीक्षक नजीर हुसैन, हेमलाल महिलांगे, प्रधान आरक्षक बलबीर सिंह, रूद्र कश्यप, अनिल अजगल्ले तथा आरक्षक सनोहर जगत, भूपेन्द्र कंवर और राजेश कश्यप की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
Next Story





