
अंबिकापुर। आज रक्षा बंधन का त्योहार है और पूरा देश भाई-बहन के इस पवित्र त्योहार को धूमधाम से मना रहा है। भाई-बहन के प्रेम और अटूट रिश्तों की कहानी आपने बहुत देखी और सुनी होगी। आज हम आपको भाई-बहन की एक अनूठी मिसाल दिखाने जा रहे हैं जहाँ एक बहन का भाई कोई इंसान नहीं बल्कि तोता है और इस तोते को वह अपने भाई जैसा ही प्यार करती है। इस बार तो बहन ने अपने तोते भाई को सोना जड़ा राखी बांधी।
तोता यानी हीरांश और उसकी बहन यानी स्वप्ना। जी हाँ, ये प्यार थोड़ा अलग है और यही कारण है कि इस अलग प्यार के कायल हर कोई है। दरअसल ये अम्बिकापुर की रहने वाली स्वप्ना है। स्वप्ना का कोई भाई नहीं है।
ऐसे में कुछ साल पहले उनके घर तोता आया, तो उन्होंने उसे भाई की तरह ही प्यार करना शुरू कर दिया और इसका नाम रखा हीरांश। आज स्वप्ना और हीरांश की जोड़ी इतनी प्रसिद्ध हो चुकी है कि हर कोई इनके कायल है। स्वप्ना शुरू से ही जानवरों के प्रति बेहद दयालु भाव रखती है। ऐसे में तोते को स्वप्ना ने भाई बना लिया और हर साल रक्षाबंधन में अपने भाई को पूरे विधि-विधान से राखी भी बांधती है।





