छत्तीसगढ़

छोटे भाई को डूबता देख बचाने उतरी बहन, डबरी में डूबने से दोनों की मौत

SHIDDHANT
16 Aug 2026 9:03 PM IST
छोटे भाई को डूबता देख बचाने उतरी बहन, डबरी में डूबने से दोनों की मौत
x
छत्तीसगढ़
Mohla-Manpur मोहला-मानपुर। छत्तीसगढ़ के मोहला-मानपुर जिले में बारिश के बीच दर्दनाक हादसा हो गया। मानपुर विकासखंड के औंधी गांव में पानी से भरे डबरी नुमा गड्ढे में डूबने से सगे भाई-बहन की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि 6 वर्षीय छोटा भाई पानी में डूबने लगा तो उसे बचाने के लिए उसकी 12 वर्षीय बहन पानी में उतर गई। इस दौरान दोनों गहरे पानी में फंस गए और उनकी मौत हो गई। घटना के बाद परिवार के साथ पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। घटना औंधी गांव की है। औंधी थाना प्रभारी सब इंस्पेक्टर नवल साव ने घटना की पुष्टि की है। जानकारी के मुताबिक गांव के एक निजी विद्यालय में शिक्षक जीवन तिर्की की 12 वर्षीय बेटी सृष्टि तिर्की और 6 वर्षीय बेटा एलेक्स तिर्की गांव से लगे अपने खेत में खेल रहे थे।
लगातार बारिश के कारण खेत में मौजूद डबरी नुमा गड्ढे में काफी पानी भरा हुआ था। खेलते हुए एलेक्स पानी के पास पहुंच गया और कथित तौर पर गहरे पानी में जाकर डूबने लगा। छोटे भाई को पानी में डूबता देख सृष्टि ने उसे बचाने की कोशिश की और वह भी डबरी में उतर गई। पानी अधिक गहरा होने के कारण दोनों बाहर नहीं निकल सके। बताया जा रहा है कि घटनास्थल से कुछ दूरी पर खेत में परिवार के अन्य सदस्य भी मौजूद थे। जब तक उन्हें हादसे की जानकारी हुई और वे मौके तक पहुंचे, तब तक काफी देर हो चुकी थी। दोनों बच्चों को पानी से बाहर निकाला गया, लेकिन उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।
इस हादसे ने परिवार को गहरा सदमा दिया है। सृष्टि और एलेक्स एक ही निजी स्कूल में पढ़ते थे, जहां उनके पिता शिक्षक हैं। सृष्टि कक्षा छठवीं की छात्रा थी, जबकि एलेक्स कक्षा पहली में पढ़ता था। एक दिन पहले ही 15 अगस्त को दोनों भाई-बहन ने स्कूल में स्वतंत्रता दिवस की खुशियां मनाई थीं। अगले ही दिन हुए इस हादसे ने परिवार और स्कूल से जुड़े लोगों को स्तब्ध कर दिया। पुलिस के मुताबिक घटना शाम करीब 3 से 4 बजे के बीच हुई। क्षेत्र में लगातार बारिश होने के कारण शवों के पोस्टमार्टम की प्रक्रिया 17 अगस्त को होने की बात कही गई है। प्रारंभिक परीक्षण के बाद दोनों शवों को परिजनों के बीच रखा गया है।
Next Story