छत्तीसगढ़

कई राज्यों में अगले 4 दिन तक आंधी और बारिश का अलर्ट, छत्तीसगढ़ में भी चेतावनी

Nilmani Pal
27 March 2026 7:18 AM IST
कई राज्यों में अगले 4 दिन तक आंधी और बारिश का अलर्ट, छत्तीसगढ़ में भी चेतावनी
x
पढ़े पूरी खबर

रायपुर/दिल्ली। देश के कई हिस्सों में मौसम तेजी से बदल रहा है. अलग-अलग क्षेत्रों में बारिश, तेज आंधी, बिजली गिरने और ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है, जिससे आम जनजीवन और किसानों पर असर पड़ सकता है. आइये जानते हैं, मौसम विभाग देश के किस हिस्से के लिए क्या पूर्वानुमान जारी किया है.

उत्तर भारत के पहाड़ी राज्यों-जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से बारिश और बर्फबारी होने की संभावना है. वहीं मैदानी इलाकों जैसे पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 27 से 30 मार्च के बीच गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है.

कुछ स्थानों पर 40–60 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है. पूर्वोत्तर भारत में मौसम ज्यादा खराब रहने की संभावना है. असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 27 से 29 मार्च के दौरान भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है. यहां 50–70 किमी/घंटा की तेज हवाएं, बिजली गिरने और कई जगहों पर ओलावृष्टि की भी चेतावनी जारी की गई है. बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल और ओडिशा में भी मौसम बिगड़ने के आसार हैं. इन राज्यों में बारिश के साथ तेज आंधी, बिजली गिरने और ओले पड़ने की संभावना है. इससे खासकर खड़ी फसलों को नुकसान हो सकता है.

मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और विदर्भ क्षेत्र में भी हल्की से मध्यम बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं. गुजरात और महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में भी मौसम बदल सकता है, जहां गरज-चमक के साथ बारिश देखने को मिल सकती है.

Next Story