पूर्व सांसद सहित कई बीजेपी नेता गिरफ्तार, सीएम के खिलाफ कर रहे थे नारेबाजी

राजनांदगांव। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से भेंट-मुलाकात कार्यक्रम में भाजपा नेताओं से मुलाकात के लिए ऐनवक्त पर दिए गए समय को रद्द करने पर भाजपा नेताओं ने शहर के कमला कॉलेज चौराहे पर जमकर नारेबाजी की। मुख्यमंत्री के खिलाफ भाजपा नेताओं ने प्रदर्शन के दौरान वापस जाने के नारे लगाए। भाजपा नेताओं का दावा है कि पूर्व में भाजपा नेताओं से मुलाकात करने के लिए सीएम की ओर से समय दिया गया था। अचानक उन्हेंं खबर आई कि सीएम ने व्यस्त होने का हवाला देकर मुलाकात करने से इन्कार कर दिया। इससे आक्रोशित भाजपा कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन कर मुख्यमंत्री के विरोध में नारे लगाए।
अचानक पुलिस को व्यवस्था सम्हालने के लिए आगे आना पड़ा। चौराहे पर बैठे भाजपा कार्यकर्ताओं को पुलिस ने काफी समझाईश दी। इसके बावजूद मुलाकात करने की मांग पर अड़े रहे। आखिरकार पुलिस ने सभी को गिरफ्तार कर लिया। भाजपा ने शहर के विकास के संदर्भ में मुख्यमंत्री से मुलाकात करने के लिए अनुमति मांगी थी। जिसमें राजनांदगांव को संभाग बनाने, राहुल गांधी द्वारा घोषित बीएनसी मिल चालू करने की मांग, राजनांदगांव में हॉकी एकेडमी की स्थापना, मोतीपुर-तुलसीपुर रेल्वे फाटक पर मिनी अंडरब्रिज निर्माण की मांग समेत कुल 24 मांगे शामिल है। इधर भाजपा नेताओं को गिरफ्तार कर डोंगरगांव थाना ले जाया गया। जिसमें पूर्व सांसद मधुसूदन यादव, रामकुमार गुप्ता, भाजयुमो अध्यक्ष मोनू बहादुर सिंह, नेता प्रतिपक्ष किशुन यदु, तरूण लहरवानी, रविन्द्र सिंह समेत भाजपा व युवा मोर्चा के करीब 65 कार्यकर्ता शामिल थे।