छत्तीसगढ़

पुलिस के हत्थे चढ़ा सीरियल चोर, 2 लाख का चोरी का माल बरामद

Shantanu Roy
4 Aug 2026 5:54 PM IST
पुलिस के हत्थे चढ़ा सीरियल चोर, 2 लाख का चोरी का माल बरामद
x
छग
Raigarh. रायगढ़। जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों पर लगातार शिकंजा कस रही रायगढ़ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। खरसिया पुलिस ने एक ऐसे शातिर सीरियल चोर को गिरफ्तार किया है, जिसने अलग-अलग स्थानों पर बाइक, स्कूटी, सूने मकानों, गैस सिलेंडर और मोबाइल चोरी जैसी कई वारदातों को अंजाम दिया था। आरोपी के कब्जे से करीब 2 लाख रुपये मूल्य का चोरी का सामान बरामद किया गया है। पुलिस की इस कार्रवाई से थाना खरसिया और चौकी खरसिया के दो दर्ज मामलों का खुलासा हुआ है, जबकि पूछताछ में कई अन्य चोरी की घटनाओं का भी पर्दाफाश हुआ है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी और एसडीओपी खरसिया सतीश भार्गव के मार्गदर्शन में जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी अभियान के तहत मंगलवार को खरसिया पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक युवक चोढ़ा चौक के पास चोरी का सामान बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहा है। सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी निरीक्षक त्रिनाथ त्रिपाठी ने पुलिस टीम के साथ मौके पर घेराबंदी की।
पुलिस को देखकर संदिग्ध युवक भागने लगा, लेकिन जवानों ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम करन चौहान (21 वर्ष) निवासी गांधीनगर मदनपुर, थाना खरसिया बताया। प्रारंभिक पूछताछ में ही उसने स्वीकार कर लिया कि उसके पास मौजूद सामान चोरी का है। इसके बाद थाना लाकर की गई विस्तृत पूछताछ में आरोपी ने एक के बाद एक कई चोरी की घटनाओं का खुलासा किया।
आरोपी ने बताया कि उसने 12 जुलाई को उत्तम ढाबा खरसिया से एक एक्टिवा स्कूटी चोरी की थी। इसके बाद 23 जुलाई को ग्राम बासमुड़ा से चाबी लगी टीवीएस जुपिटर स्कूटी पार कर दी। 24 जुलाई की रात ग्राम बगबुढ़वा के एक सूने मकान का ताला तोड़कर घर में रखे सोने-चांदी के जेवर, सीसीटीवी डीवीआर बॉक्स और फैशन प्रो मोटरसाइकिल चोरी कर ली। इसके अलावा 29 जुलाई को मदनपुर बस्ती के अलग-अलग घरों से तीन खाली गैस सिलेंडर चोरी किए और 1 अगस्त को ग्राम पतरापाली से चार्जिंग पर लगा पोको कंपनी का मोबाइल फोन भी चुरा लिया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह चोरी किए गए सामान को बेचने की फिराक में था। उसने अधिकांश सामान मदनपुर चौक के पास स्थित एक खंडहर मकान में छिपाकर रखा था। आरोपी के मेमोरेंडम के आधार पर पुलिस ने गवाहों की मौजूदगी और वीडियोग्राफी के साथ मौके पर पहुंचकर फैशन प्रो मोटरसाइकिल, टीवीएस जुपिटर स्कूटी, एक्टिवा स्कूटी, पोको मोबाइल, तीन गैस सिलेंडर और सीसीटीवी डीवीआर बॉक्स बरामद किया। जब्त संपत्ति की कुल कीमत लगभग 2 लाख रुपये आंकी गई है।
हालांकि आरोपी ने चोरी किए गए सोने-चांदी के जेवर भी उसी स्थान पर छिपाने की बात कही थी, लेकिन पुलिस की तलाशी के दौरान वे बरामद नहीं हो सके। पुलिस अब उन जेवरों की तलाश कर रही है और मामले की आगे जांच जारी है। आरोपी की गिरफ्तारी से चौकी खरसिया में दर्ज अपराध क्रमांक 355/2026 तथा थाना खरसिया में दर्ज अपराध क्रमांक 397/2026 का सफल खुलासा हो गया है। पुलिस अन्य चोरी के मामलों में भी आरोपी से पूछताछ कर रही है और संभावित वारदातों की जांच जारी है।
इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी निरीक्षक त्रिनाथ त्रिपाठी, थाना प्रभारी निरीक्षक सीताराम ध्रुव, प्रधान आरक्षक उदय सिंह सिदार तथा पुलिस टीम के अन्य अधिकारियों और जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि रायगढ़ पुलिस जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों के खिलाफ लगातार अभियान चला रही है। उन्होंने बताया कि खरसिया के अलावा जूटमिल, कोतरारोड़, चक्रधरनगर, भूपदेवपुर और धरमजयगढ़ क्षेत्रों में भी चोरी के आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अपराधियों के खिलाफ ऐसी कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।
Tagsरायगढ़ पुलिसखरसिया पुलिससीरियल चोर गिरफ्तारबाइक चोरीस्कूटी चोरीगैस सिलेंडर चोरीमोबाइल चोरीचोरी का खुलासा2 लाख का माल बरामदशशि मोहन सिंहऑपरेशन चोरीछत्तीसगढ़ पुलिससंपत्ति अपराधरायगढ़ समाचारखरसिया न्यूजRaigarh PoliceKharsia Policeserial thief arrestedbike theftscooter theftgas cylinder theftmobile phone thefttheft case solvedstolen goods worth ₹2 lakh recoveredShashi Mohan SinghOperation TheftChhattisgarh Policeproperty crimeRaigarh NewsKharsia Newsछत्तीसगढ़ न्यूज हिंदीछत्तीसगढ़ न्यूजछत्तीसगढ़ की खबरछत्तीसगढ़ लेटेस्ट न्यूजछत्तीसगढ़ न्यूज अपडेटछत्तीसगढ़ हिंदी न्यूज टुडेछत्तीसगढ़ हिंदीन्यूज हिंदी न्यूज छत्तीसगढ़छत्तीसगढ़ हिंदी खबरछत्तीसगढ़ समाचार लाइवChhattisgarh News HindiChhattisgarh NewsNews of ChhattisgarhChhattisgarh Latest NewsChhattisgarh News UpdateChhattisgarh Hindi News TodayChhattisgarh HindiNews Hindi News ChhattisgarhChhattisgarh Hindi NewsChhattisgarh News Liveजनता से रिश्ता न्यूज़जनता से रिश्ताआज की ताजा न्यूज़हिंन्दी न्यूज़भारत न्यूज़खबरों का सिलसिलाआज की ब्रेंकिग न्यूज़आज की बड़ी खबरमिड डे अख़बारहिंन्दी समाचारजनताJanta Se Rishta NewsJanta Se RishtaToday's Latest NewsHindi NewsIndia NewsKhabron Ka SilsilaToday's Breaking NewsToday's Big NewsMid Day Newspaperjantasamachar newssamacharHindi news
Next Story