
x
छत्तीसगढ़
बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार-भाटापारा जिले में पुलिस ने एक अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाते हुए बड़ा खुलासा किया है। गांजा तस्करी के अवैध कारोबार में वर्चस्व और पुरानी रंजिश के चलते युवक की हत्या की गई थी। पुलिस के मुताबिक, अपने बेटे की हत्या का बदला लेने के लिए एक आरोपी ने युवक की हत्या की सुपारी दी थी। इस मामले में पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि दो नाबालिगों को अभिरक्षा में लिया गया है। हत्याकांड का खुलासा करने के लिए पुलिस ने 1000 से अधिक CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले और AI तकनीक की मदद ली।
दरअसल, 31 अक्टूबर 2026 को पुलिस चौकी बया क्षेत्र के ग्राम मुरुमडीह और रायतुंम के बीच सुनसान वनांचल में एक अज्ञात युवक का निर्वस्त्र शव मिला था। युवक के शरीर पर धारदार हथियार से हमले के गहरे निशान थे। उसके सीने पर अंग्रेजी में 'KP' और हाथों पर टैटू बने थे। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर विशेष जांच टीम गठित की।
पुलिस जांच में मृतक की पहचान करन डोंगरे उर्फ KP (20 वर्ष) के रूप में हुई। पुलिस के अनुसार, आरोपी और मृतक गांजे के अवैध कारोबार से जुड़े थे। इसी कारोबार में वर्चस्व को लेकर पुरानी रंजिश चल रही थी। आरोपी अमरजीत सिंह सोनी के बेटे शिवा की अक्टूबर में हत्या हुई थी। इसी का बदला लेने के लिए अमरजीत ने करन की हत्या की साजिश रची और अन्य आरोपियों को सुपारी दी।
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने करन को महासमुंद में काम दिलाने का झांसा देकर KIA कार में बैठाया। दूसरी वैगनआर कार में अन्य आरोपी निगरानी कर रहे थे। दोनों वाहन पटेवा क्षेत्र में मिले और युवक को सुनसान जंगल में ले जाकर चाकू से हमला कर उसकी हत्या कर दी गई। पहचान छिपाने के लिए शव के कपड़े उतारकर जंगल में फेंक दिए गए।
हत्याकांड की जांच में पुलिस ने बया, पटेवा, नया रायपुर, सरायपाली और रायपुर-दुर्ग नेशनल हाईवे के 1000 से अधिक CCTV कैमरों के फुटेज की जांच की। AI तकनीक से संदिग्ध वाहनों की पहचान हुई। इसके बाद रायपुर और दुर्ग से जुड़े आरोपियों तक पुलिस पहुंची। गिरफ्तार आरोपियों में मोहम्मद अनस असरफी (22), सैय्यद अल्ताफ अली उर्फ फरजान (24), राज यादव उर्फ सांई (18), राहुल दास मानिकपुरी (19) और अमरजीत सिंह सोनी (47) शामिल हैं। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल चाकू, KIA कार, वैगनआर कार और स्कूटी जब्त की है। आरोपियों को न्यायालय और दोनों नाबालिगों को किशोर न्याय बोर्ड में प्रस्तुत करने की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
Next Story





