छत्तीसगढ़

वरिष्ठ अधिकारी पोषण चंद्राकर का इस्तीफा मंजूर, अब सियासी पारी के कयास तेज

Shantanu Roy
2 July 2025 9:52 PM IST
वरिष्ठ अधिकारी पोषण चंद्राकर का इस्तीफा मंजूर, अब सियासी पारी के कयास तेज
x
छग
Raipur. रायपुर। भारतीय डाक एवं दूरसंचार लेखा तथा वित्त सेवा (IP&TAFS) के 2009 बैच के वरिष्ठ अधिकारी पोषण चंद्राकर का इस्तीफा आखिरकार मंजूर कर लिया गया है। उन्होंने पिछले साल जुलाई में अपनी सेवा से त्यागपत्र दिया था, जिसे अब औपचारिक स्वीकृति मिल गई है। यह सेवा केंद्र सरकार की ग्रुप-A सेंट्रल सिविल सेवा में शामिल है। पोषण चंद्राकर की अंतिम पदस्थापना झारखंड की राजधानी रांची में थी। इस्तीफे की मंजूरी के बाद अब उनके राजनीतिक प्रवेश की अटकलें जोर पकड़ने लगी हैं। लोकसभा चुनाव 2024 के दौरान यह चर्चा गर्म थी कि वे राजनांदगांव लोकसभा सीट से मैदान में उतर सकते हैं। पोषण चंद्राकर मूल रूप से छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले से हैं और उनका परिवार लंबे समय से राजनीति में सक्रिय रहा है।


16 वर्षों की प्रशासनिक पारी
पोषण चंद्राकर ने प्रशासनिक सेवा में करीब 16 वर्षों तक योगदान दिया। केंद्र सरकार की सेवा के अलावा वे छत्तीसगढ़ सरकार में प्रतिनियुक्ति पर भी कार्यरत रहे। बीजापुर और नारायणपुर जिलों में जिला पंचायत सीईओ के रूप में पदस्थ रहे। मंत्रालय स्तर पर कृषि, स्कूल शिक्षा, समाज कल्याण तथा महिला एवं बाल विकास विभाग में संयुक्त सचिव की भूमिका निभाई। साय सरकार के दौरान उन्हें छत्तीसगढ़ राज्य बीज विकास निगम का अध्यक्ष बनाया गया था। प्रतिनियुक्ति अवधि पूरी होने के बाद उनकी सेवाएं भारत सरकार को लौटा दी गई थीं। अब जबकि उनका इस्तीफा स्वीकार हो गया है, यह देखना दिलचस्प होगा कि वह राजनीति में कब और किस भूमिका में सक्रिय होते हैं। राजनांदगांव जैसे संवेदनशील और राजनीतिक रूप से अहम जिले से उनका संबंध उन्हें भविष्य में महत्वपूर्ण सियासी कड़ी बना सकता है।
Next Story