41 साल की सेवा के उपरांत वरिष्ठ आरक्षक बंशीलाल पैकरा हुए सेवानिवृत्त

धमतरी। एसपी के मार्गदर्शन में पुलिस अधीक्षक कार्यालय में वरिष्ठ आरक्षक बंशीलाल पैकरा का सेवा की अर्धवार्षिकी अवधि पूर्ण कर सेवानिवृत्त होने पर विदाई कार्यक्रम अत्यंत गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में पुलिस विभाग में उनके द्वारा पैकरा द्वारा दिए गए अनुकरणीय एवं कर्तव्यपरायण सेवा कार्यों को स्मरण किया गया। इस अवसर पर कार्यालय में उपस्थित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने अपने विचार व्यक्त करते हुए पैकरा के 41 वर्षों के दीर्घ सेवाकाल को पुलिस विभाग के लिए प्रेरणास्रोत बताया।
उन्होंने अपने संपूर्ण सेवाकाल के दौरान अनुशासन, ईमानदारी एवं कर्तव्यनिष्ठा के साथ पुलिस विभाग की गरिमा को सदैव बनाए रखा। विदाई समारोह में एसपी धमतरी द्वारा उनके उज्ज्वल भविष्य, उत्तम स्वास्थ्य एवं सुखमय सेवानिवृत्त जीवन की हार्दिक शुकामनाएं की गईं। कार्यक्रम के अंत में पैकरा को शाल, श्रीफल एवं प्रतीक चिन्ह भेंट कर ससम्मान विदाई दी गई।
समारोह आत्मीयता एवं सम्मान के भाव के साथ सम्पन्न हुआ। उक्त कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शैलेन्द्र कुमार पांडेय, डीएसपी मीना साहू, यशकरण दीप ध्रुव, डीपीओ अजय सिंह, मुख्य लिपिक लक्ष्मी ध्रुव, स्टेनो अखिलेश शुक्ला सहित पुलिस कार्यालय में उपस्थित समस्त अधिकारी-कर्मचारियों ने सेवानिवृत्त पैकरा को उनके सेवा-निवृत्ति अवसर पर उज्ज्वल, स्वस्थ एवं सुखमय भविष्य के लिए हार्दिक शुभकामनाएँ एवं बधाइयाँ दीं।





