जबलपुर रवाना हुईं स्व सहायता समूह की महिलाएं, संसदीय सचिव ने बस को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना

महासमुंद। संसदीय सचिव व विधायक विनोद सेवनलाल चंद्राकर ने महिला बाल विकास विभाग के तत्वावधान में आज शुक्रवार को स्व सहायता समूह की महिलाओं का दिशा दर्शन भ्रमण कार्यक्रम के तहत बस को हरी झंडी दिखाकर शुभारंभ किया। भ्रमण के दौरान महिलाएं मध्यप्रदेश के जबलपुर पहुंचकर समूहों की गतिविधियों से रूबरू होंगी।
महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा दिशा दर्शन भ्रमण कार्यक्रम अंतर्गत दूसरे राज्य के महिला स्व-सहायता समूहों द्वारा संचालित कार्यक्रमों की जानकारी के लिए प्रदेश के महिला समूहों की महिलाओं को भ्रमण के लिए भेजा जाता है। इसी तारतम्य में जिले के स्व सहायता समूह की 150 महिलाओं के दल को भ्रमण के लिए मध्यप्रदेश के जबलपुर भेजा गया। आज शुक्रवार को संसदीय सचिव व विधायक श्री चंद्राकर ने दिशा-दर्शन भ्रमण के लिए महिला स्व-सहायता समूह की महिलाओं के वाहनों को हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान उन्होंने जबलपुर जाने वाली महिलाओं से चर्चा भी कीं। इस अवसर पर प्रमुख रूप से नगरपालिका अध्यक्ष राशि महिलांग, जिला कांग्रेस कमेटी के महामंत्री संजय शर्मा, ब्लॉक अध्यक्ष खिलावन बघेल, एल्डरमेन गुरमीत चावला, विजय साव सहित विभागीय अधिकारी-कर्मचारी मौजूद थे।
