
x
छग
Rajnandgaon राजनांदगांव। सोमनी थाना पुलिस ने मवेशियों के कथित अवैध परिवहन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 18 भैंसों को बरामद किया है। पुलिस ने एक आरोपी चालक को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। कार्रवाई में मवेशियों और टाटा आयसर वाहन समेत करीब 8.80 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की गई है। मामले में शामिल एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है।
पुलिस के मुताबिक, 6 सितंबर 2026 को सोमनी थाना पुलिस की टीम पेट्रोलिंग पर थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि टाटा आयसर वाहन क्रमांक CG-15-DZ-4514 में मवेशियों को भरकर दुर्ग से राजनांदगांव की ओर ले जाया जा रहा है।
सूचना वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई। इसके बाद पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन और नगर पुलिस अधीक्षक के.पी. मरकाम के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी एमन साहू के नेतृत्व में टीम ने कार्रवाई शुरू की।
पुलिस को देख लिया यू-टर्न
पुलिस टीम ने ठाकुरटोला टोल प्लाजा के सामने नाकाबंदी कर वाहनों की जांच शुरू की। इसी दौरान दुर्ग की ओर से आ रहे संदिग्ध टाटा आयसर वाहन को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस के अनुसार, चेकिंग देखकर चालक ने वाहन को यू-टर्न लेकर तेज रफ्तार में दुर्ग की ओर भगाने की कोशिश की। पुलिस टीम ने तत्काल उसका पीछा किया। इसी दौरान ग्राम टेडेसरा के पास जीई रोड पर वाहन डिवाइडर से टकरा गया और अनियंत्रित हो गया। पुलिस ने चालक को पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम संगीत मधुकर उर्फ टेटे (30) निवासी ग्राम पथर्रा थाना भिलाई-3 बताया।
वाहन के अंदर मिलीं 18 भैंस
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने अपने एक साथी के साथ 18 भैंसों को वाहन में भरकर भंडारा ले जाने की जानकारी दी। वाहन की तलाशी लेने पर अंदर 18 भैंस मिलीं। पुलिस ने 18 भैंसों की अनुमानित कीमत 1.80 लाख रुपये और टाटा आयसर वाहन की कीमत करीब 7 लाख रुपये बताई है। इस तरह कुल 8.80 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की गई। मामले में पशु क्रूरता निवारण अधिनियम, छत्तीसगढ़ कृषिक पशु परिरक्षण अधिनियम और बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया। पुलिस दूसरे आरोपी की तलाश कर रही है।
Next Story





