छत्तीसगढ़
रायपुर में बैंकों की सुरक्षा बढ़ी, पुलिस का विशेष अभियान
Shantanu Roy
19 Nov 2026 5:12 PM IST

x
छग
Raipur. रायपुर। राजधानी रायपुर में बैंकों, एटीएम और वित्तीय संस्थानों की सुरक्षा को लेकर नॉर्थ जोन पुलिस ने विशेष अभियान चलाया है। बैंक परिसरों के आसपास होने वाली आपराधिक गतिविधियों की रोकथाम और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से नॉर्थ जोन के पांचों थाना क्षेत्रों में अलग-अलग पुलिस टीमें गठित कर विशेष बैंक बाइक पेट्रोलिंग की गई। इस दौरान पुलिस ने बैंकों और एटीएम के आसपास संदिग्ध व्यक्तियों की गतिविधियों पर निगरानी रखी। साथ ही बैंक प्रबंधन और सुरक्षा कर्मचारियों से चर्चा कर सुरक्षा व्यवस्थाओं की जानकारी ली तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस उपायुक्त नॉर्थ जोन श्रीमती दीपमाला कश्यप ने बैंकों और वित्तीय संस्थानों में आने-जाने वाले नागरिकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सभी थाना प्रभारियों को विशेष बैंक सुरक्षा अभियान चलाने के निर्देश दिए थे। इसके तहत अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त नॉर्थ जोन आदित्य पाण्डेय के पर्यवेक्षण में पांचों थाना क्षेत्रों में विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया। गठित पुलिस टीमों ने अपने-अपने थाना क्षेत्रों में स्थित विभिन्न बैंकों, एटीएम और उनके आसपास के इलाकों में बाइक से पेट्रोलिंग की। अभियान के दौरान पुलिसकर्मियों ने बैंक परिसरों के बाहर और आसपास आने-जाने वाले व्यक्तियों की गतिविधियों पर विशेष नजर रखी। संदिग्ध गतिविधियों की पहचान और किसी भी संभावित आपराधिक घटना की रोकथाम के लिए पुलिस की सक्रिय उपस्थिति सुनिश्चित की गई।
इस दौरान पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने बैंक प्रबंधन तथा वहां तैनात सुरक्षा गार्डों से भी बातचीत की। बैंक परिसरों की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के साथ ही कर्मचारियों को आवश्यक सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए। पुलिस ने बैंक के आसपास किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी तत्काल संबंधित थाना पुलिस को देने की समझाइश दी। विशेष बैंक सुरक्षा अभियान के दौरान पुलिस ने बैंक आने वाले ग्राहकों को भी जागरूक किया। विशेष रूप से नगदी जमा करने और बैंक से रकम निकालने वाले नागरिकों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई। पुलिस ने बताया कि बैंक से बड़ी राशि निकालते समय अनजान व्यक्तियों पर भरोसा नहीं करना चाहिए। किसी के बहकावे में आने से बचें और नगदी लेकर आते-जाते समय आसपास की गतिविधियों पर ध्यान रखें। पुलिस ने बैंक आने-जाने वाले वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा पर भी विशेष ध्यान दिया।
अभियान का उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों सहित आम लोगों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना और बैंकिंग कार्यों के दौरान संभावित अपराधों के प्रति जागरूक बनाना है। इसके अलावा पुलिस टीमों ने नागरिकों को ऑनलाइन बैंकिंग, एटीएम और डिजिटल लेन-देन से जुड़ी वित्तीय धोखाधड़ी के बारे में भी जानकारी दी। लोगों को बताया गया कि साइबर अपराधी अलग-अलग तरीकों से बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी प्राप्त कर धोखाधड़ी कर सकते हैं। इसलिए डिजिटल लेन-देन करते समय विशेष सावधानी बरतना आवश्यक है। पुलिस ने नागरिकों को स्पष्ट रूप से समझाइश दी कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी (OTP), एटीएम पिन, सीवीवी (CVV) और बैंक खाते से संबंधित गोपनीय जानकारी साझा न करें। अनजान व्यक्ति द्वारा भेजे गए लिंक पर क्लिक करने से बचें। इसके अलावा किसी के कहने पर मोबाइल फोन में स्क्रीन शेयरिंग या रिमोट एक्सेस एप डाउनलोड नहीं करने की सलाह दी गई। नॉर्थ जोन पुलिस ने कहा कि बैंकिंग संबंधी धोखाधड़ी और आपराधिक गतिविधियों से बचाव के लिए नागरिकों की सतर्कता महत्वपूर्ण है। किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि के बारे में जानकारी मिलने पर तुरंत पुलिस को सूचना देने की अपील की गई है।
Next Story





