छत्तीसगढ़

जशपुर में निर्माण कार्यों की सचिव ने की समीक्षा

Shantanu Roy
19 Jun 2026 7:00 PM IST
जशपुर में निर्माण कार्यों की सचिव ने की समीक्षा
x
छग
Raipur. रायपुर। लोक निर्माण विभाग के सचिव मुकेश कुमार बंसल ने आज जशपुर जिले में विभाग द्वारा चल रहे निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया और उनकी प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने सभी परियोजनाओं को तय समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि सभी कार्यों की सतत निगरानी जरूरी है ताकि विकास कार्यों में किसी प्रकार की देरी न हो। निरीक्षण के दौरान सचिव बंसल ने रौनीघाट से बगीचा मार्ग, बगीचा से चराईडांड मार्ग और मेडिकल कॉलेज के लिए प्रस्तावित पहुंच मार्ग का स्थल पर जाकर जायजा लिया। उन्होंने मेडिकल कॉलेज पहुंच मार्ग को भविष्य की जरूरतों के अनुसार विकसित करने पर विशेष जोर दिया। इसके साथ ही उन्होंने अधिकारियों को फोरलेन सड़क निर्माण का प्रस्ताव जल्द से जल्द भेजने के निर्देश दिए।

लोक निर्माण विभाग के सचिव ने जशपुर से पत्थलगांव राष्ट्रीय राजमार्ग का भी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्य की धीमी प्रगति पर असंतोष जताया और अधिकारियों को कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सड़क और अन्य बुनियादी ढांचे से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की देरी स्वीकार नहीं की जाएगी। निरीक्षण के बाद विभागीय सचिव ने अधिकारियों की एक बैठक भी ली, जिसमें जशपुर और पत्थलगांव क्षेत्र में चल रहे तथा प्रस्तावित सड़कों, पुलों और भवन निर्माण कार्यों की समीक्षा की गई। बैठक में उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने, नियमित मॉनिटरिंग करने और सभी परियोजनाओं को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि विकास कार्यों का लाभ आम जनता तक समय पर पहुंचना चाहिए, इसके लिए अधिकारियों को पूरी जिम्मेदारी के साथ काम करना होगा। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि सभी निर्माण कार्यों की प्रगति की नियमित रिपोर्ट तैयार की जाए और उच्च स्तर पर समीक्षा के लिए प्रस्तुत की जाए। निरीक्षण और बैठक के दौरान कलेक्टर रोहित व्यास, लोक निर्माण विभाग के प्रमुख अभियंता व्ही.के. भतपहरी, मुख्य अभियंता बी.एस. बघेल, ज्ञानेश्वर कश्यप और जी.एस. मंडावी सहित जिले के कार्यपालन अभियंता और अनुविभागीय अधिकारी उपस्थित रहे। सभी अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और गति पर विशेष ध्यान दें। सचिव ने कहा कि जशपुर जैसे क्षेत्रों में सड़क और संपर्क मार्गों का विकास स्थानीय लोगों के जीवन स्तर को सीधे प्रभावित करता है, इसलिए इन परियोजनाओं में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
Next Story