
x
छग
Khairagarh. खैरागढ़। जिला खैरागढ़-छुईखदान-गंडई (KCG) पुलिस द्वारा साइबर अपराधों से बचाव और डिजिटल सुरक्षा को लेकर चलाए जा रहे “साइबर जागृति अभियान” के द्वितीय सप्ताह का शुभारंभ किया गया। अभियान के पहले दिन जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में बैंक, एटीएम और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में आयोजित इस अभियान के दौरान पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने आम नागरिकों तथा विद्यार्थियों को ऑनलाइन ठगी से बचने के उपाय बताए। जिले के करीब 10 स्थानों पर आयोजित कार्यक्रमों में 2000 से अधिक लोगों को साइबर सुरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस टीम ने नागरिकों को बढ़ते साइबर अपराधों के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि थोड़ी सी सावधानी बरतकर ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचा जा सकता है। पुलिस ने लोगों को UPI फ्रॉड, ऑनलाइन बैंकिंग धोखाधड़ी, फर्जी कॉल, संदिग्ध मैसेज और साइबर ठगी के नए तरीकों के बारे में जागरूक किया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि साइबर अपराधी अक्सर लोगों को लालच देकर या डर दिखाकर उनकी निजी जानकारी हासिल करने का प्रयास करते हैं। ऐसे मामलों में नागरिकों को सतर्क रहने की जरूरत है। किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ मोबाइल पर बैंक संबंधी जानकारी साझा नहीं करनी चाहिए।
अभियान के दौरान नागरिकों को विशेष रूप से OTP, ATM PIN, CVV नंबर, पासवर्ड और अन्य गोपनीय जानकारी किसी भी व्यक्ति के साथ साझा नहीं करने की सलाह दी गई। पुलिस ने बताया कि बैंक या कोई भी अधिकृत संस्था कभी भी फोन पर ऐसी जानकारी नहीं मांगती है। इसके अलावा QR कोड स्कैन करते समय सावधानी बरतने और किसी अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने की अपील की गई। पुलिस ने बताया कि साइबर ठग फर्जी वेबसाइट, सोशल मीडिया लिंक और आकर्षक ऑफर के जरिए लोगों को अपना शिकार बनाते हैं।
कार्यक्रम में पुलिस टीम ने साइबर ठगी होने की स्थिति में तुरंत कार्रवाई करने की जानकारी भी दी। नागरिकों को बताया गया कि किसी भी प्रकार की ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी होने पर तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं, जिससे समय रहते कार्रवाई की जा सके। KCG पुलिस ने बताया कि साइबर अपराधों की रोकथाम और आम लोगों को डिजिटल रूप से सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से यह अभियान लगातार चलाया जा रहा है। पुलिस का लक्ष्य जिले के हर क्षेत्र तक साइबर सुरक्षा का संदेश पहुंचाना है, ताकि लोग ऑनलाइन दुनिया में सुरक्षित तरीके से डिजिटल सेवाओं का उपयोग कर सकें।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि वर्तमान समय में डिजिटल लेन-देन तेजी से बढ़ रहा है। ऐसे में साइबर अपराधों के प्रति जागरूकता बेहद जरूरी है। केवल पुलिस की कार्रवाई से ही नहीं, बल्कि नागरिकों की सतर्कता से भी साइबर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकता है। KCG पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि वे डिजिटल लेन-देन करते समय सावधानी बरतें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। “सतर्क रहें, सुरक्षित रहें — साइबर अपराध से बचाव हम सबकी जिम्मेदारी है।”
Next Story





