
x
छग
जांजगीर-चांपा। पामगढ़ थाना क्षेत्र में जमीन विवाद को लेकर हुई हत्या के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान परमेश्वर साहू (25 वर्ष), निवासी कोयला थाना पामगढ़ के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। इस मामले में पुलिस पहले ही एक आरोपी जनकराम साहू (50 वर्ष), निवासी कोसला को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज चुकी है। अब घटना में शामिल दूसरे आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस की जांच आगे बढ़ रही है। पुलिस के अनुसार, 29 अगस्त की शाम ग्राम कोसला में जमीन विवाद को लेकर जनकराम साहू और उसके बड़े भाई पुनीराम साहू के बीच विवाद हुआ था। विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने बांस की लाठी से पुनीराम साहू पर हमला कर दिया।
बीच-बचाव करने पहुंची पुनीराम की पत्नी ननकी नोनी उर्फ भूरी बाई साहू पर भी लाठी से हमला किया गया। हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए थे। ग्रामीणों ने घायलों को एंबुलेंस की मदद से पामगढ़ अस्पताल पहुंचाया, जहां से गंभीर हालत में उन्हें बिलासपुर रेफर किया गया। इलाज के दौरान ननकी नोनी उर्फ भूरी बाई साहू की मौत हो गई। इसके बाद पुलिस ने मामले में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। पामगढ़ पुलिस ने विवेचना के दौरान परमेश्वर साहू की भूमिका सामने आने पर उसे हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी के घटना में शामिल होने की जानकारी मिलने के बाद उसे विधिवत गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई करते हुए न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक राकेश सूर्यवंशी, सहायक उपनिरीक्षक प्रमोद महार और आरक्षक भुनेश्वर पटेल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
Next Story





