छत्तीसगढ़

भीषण सड़क हादसा, SECL अधिकारी की मौत, पत्नी और चालक घायल

SHIDDHANT
8 May 2026 10:43 PM IST
भीषण सड़क हादसा, SECL अधिकारी की मौत, पत्नी और चालक घायल
x
छग
Chhattisgarh छत्तीसगढ़: कोरबा जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (SECL) के वरिष्ठ अधिकारी अरुण कुमार त्यागी (58) की मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी और वाहन चालक घायल हो गए। यह हादसा बांगो थाना क्षेत्र के अंतर्गत कोरबा-चोटिया सड़क पर रात करीब 1 बजे हुआ।
जानकारी के अनुसार, अरुण कुमार त्यागी हाल ही में पदोन्नत होकर मध्यप्रदेश के सिंगरौली स्थित नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (NCL) में निदेशक (तकनीकी) के पद पर नियुक्त हुए थे। वह अपनी नई जिम्मेदारी संभालने के लिए अपनी पत्नी सीमा के साथ कार से सिंगरौली के लिए रवाना हुए थे। वाहन चालक कैलाश अहीर कार चला रहा था।
रास्ते में राष्ट्रीय राजमार्ग-130 पर बजारी मोड़ के पास उनकी कार की एक मालवाहक वाहन से आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार में सवार तीनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को तुरंत अस्पताल भेजा गया।
अरुण कुमार त्यागी को बिलासपुर के अपोलो अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान तड़के करीब 3 बजे उनकी मौत हो गई। उनकी पत्नी और चालक का इलाज अस्पताल में जारी है। मालवाहक वाहन चालक को भी चोटें आई हैं और उसे भी उपचार के लिए भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटनाग्रस्त मालवाहक वाहन को जब्त कर जांच शुरू कर दी है। इस हादसे के बाद कोयला क्षेत्र में शोक का माहौल है।
Next Story