छत्तीसगढ़

SECL कर्मी की दर्दनाक मौत: गड्ढों से फिसली बाइक, ट्रेलर ने कुचला

SHIDDHANT
10 May 2026 12:07 AM IST
SECL कर्मी की दर्दनाक मौत: गड्ढों से फिसली बाइक, ट्रेलर ने कुचला
x
छत्तीसगढ़
Chhattisgarh छत्तीसगढ़: कोरबा जिले के कुसमुंडा क्षेत्र में शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में SECL कर्मी की मौत हो गई। भुट्टा चौक के पास सड़क पर बने गहरे गड्ढों के कारण बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई और उसी दौरान पीछे से आ रहे ट्रेलर ने उसे कुचल दिया।
मृतक की पहचान बांकी मोगरा निवासी दुखीराम के रूप में हुई है, जो SECL में कार्यरत थे और रोज की तरह ड्यूटी पर जा रहे थे। बताया जा रहा है कि सुबह करीब 9 बजे इमली छापर चौक से कुसमुंडा खदान जाते समय उनकी बाइक भुट्टा चौक के पास सड़क के खराब हालात के कारण असंतुलित होकर गिर गई।
इसी दौरान पीछे से आ रहा ट्रेलर उन्हें बचा नहीं सका और वह उसके पहियों के नीचे आ गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत ट्रेलर रुकवाया और काफी मशक्कत के बाद घायल कर्मी को बाहर निकाला।
ट्रेलर संघ के अध्यक्ष जीतू महंत और अन्य लोगों की मदद से उन्हें कुसमुंडा अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस घटना के बाद इलाके में आक्रोश फैल गया है। स्थानीय लोगों ने सड़क की बदहाल स्थिति और गड्ढों को हादसे का कारण बताते हुए प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई है। लोगों ने जल्द से जल्द सड़क मरम्मत की मांग की है ताकि ऐसे हादसे दोबारा न हों।
Next Story