छत्तीसगढ़
अवैध अप्रवासियों की तलाश तेज, STF ने शुरू किया सघन चेकिंग अभियान
Shantanu Roy
20 Sept 2026 2:43 PM IST

x
छग
Bemetara. बेमेतरा। जिले में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए बेमेतरा पुलिस ने विशेष अभियान शुरू किया है। पुलिस अधीक्षक त्रिलोक बंसल के निर्देशन में गठित स्पेशल टास्क फोर्स (STF) और जिले के सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों की टीम द्वारा अवैध रूप से रह रहे बाहरी व्यक्तियों की पहचान के लिए लगातार चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत जिले के अलग-अलग थाना और चौकी क्षेत्रों में घुमंतु लोगों, डेरा लगाकर रहने वालों, होटल, ढाबा, लॉज संचालकों, किरायेदारों और बाहर से आने वाले मुसाफिरों के दस्तावेजों की जांच की जा रही है। पुलिस टीम द्वारा आधार कार्ड समेत अन्य पहचान पत्रों का सत्यापन किया जा रहा है।
बाहरी व्यक्तियों के दस्तावेजों की जांच
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, अभियान के दौरान शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के वार्ड, गली-मोहल्लों में जाकर किराये के मकानों में रहने वाले लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है। इसमें किरायेदार का नाम, माता-पिता का नाम, परिवार के सदस्यों की जानकारी, वर्तमान और स्थायी पता, आधार कार्ड, वोटर आईडी, पैन कार्ड नंबर, मोबाइल नंबर, शिक्षा संबंधी जानकारी और पहचानकर्ता का विवरण लिया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि इस प्रक्रिया का उद्देश्य जिले में रहने वाले लोगों की पहचान सुनिश्चित करना और किसी भी संदिग्ध गतिविधि को समय रहते रोकना है।
समाधान ऐप में दर्ज किया जा रहा डाटा
पुलिस द्वारा मकान मालिकों और होटल-लॉज संचालकों को भी निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने यहां रहने वाले किरायेदारों और यात्रियों की जानकारी "समाधान ऐप" में अनिवार्य रूप से अपलोड करें। पुलिस टीम इस ऐप में दर्ज जानकारी की भी जांच कर रही है। अधिकारियों ने बताया कि किरायेदारों का रिकॉर्ड व्यवस्थित रखने से किसी भी आपराधिक गतिविधि की जांच में सहायता मिलेगी।
STF का किया गया गठन
पुलिस अधीक्षक त्रिलोक बंसल ने जिले में अनाधिकृत रूप से रह रहे लोगों और संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान के लिए STF का गठन किया है। इस टीम को बाहरी व्यक्तियों की जांच, पहचान और आवश्यक कार्रवाई की जिम्मेदारी दी गई है। अभियान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. हरीश यादव, एसडीओपी बेमेतरा भूषण एक्का और एसडीओपी बेरला रूचि वर्मा के मार्गदर्शन में चलाया जा रहा है। जिले के सभी थाना और चौकी क्षेत्रों में पुलिस बल लगातार जांच कर रहा है।
होटल लॉज और गांवों में भी पहुंच रही पुलिस टीम
चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस टीम होटल, ढाबों, लॉज और अस्थायी ठिकानों पर पहुंचकर वहां ठहरे लोगों की जानकारी जुटा रही है। इसके अलावा गांवों में सरपंच, कोटवार और वार्ड पार्षदों को भी सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस ने जनप्रतिनिधियों से कहा है कि किसी भी अंजान व्यक्ति के गांव या क्षेत्र में ठहरने की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें।
मकान मालिकों से अपील
बेमेतरा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि बाहरी व्यक्तियों को किराये पर मकान देने से पहले संबंधित थाने में सूचना जरूर दर्ज कराएं। पुलिस ने कहा कि किरायेदारों का सत्यापन सुरक्षा व्यवस्था के लिए बेहद जरूरी है। इसके साथ ही पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि यदि कोई संदिग्ध व्यक्ति बाहर से आकर कहीं रुका हुआ दिखाई देता है या उसकी गतिविधियां संदिग्ध लगती हैं तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें। इसके लिए पुलिस ने टोल फ्री नंबर 18002331905 जारी किया है। बेमेतरा पुलिस के अनुसार, इस अभियान का मुख्य उद्देश्य जिले में अपराधों पर नियंत्रण रखना, संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखना और कानून व्यवस्था को बेहतर बनाए रखना है। पुलिस ने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने में आम नागरिकों की भूमिका भी महत्वपूर्ण है। नागरिकों के सहयोग से ही जिले में शांतिपूर्ण माहौल और बेहतर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जा सकती है।
Next Story





