छत्तीसगढ़
गणेश विसर्जन के दौरान पुलिसकर्मियों से झूमाझटकी, चार गिरफ्तार
Shantanu Roy
5 Oct 2026 8:51 PM IST

x
छग
Raipur. रायपुर। गणेश विसर्जन शोभायात्रा के दौरान पुलिस ड्यूटी में बाधा डालने और पुलिसकर्मियों से विवाद, धक्का-मुक्की तथा झूमाझटकी करने के मामले में सिविल लाइन पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक निर्धारित समय के बाद तेज आवाज में बज रहे डीजे को बंद कराने की समझाइश देने के दौरान विवाद हुआ था। मामले में कुछ अन्य आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश की जा रही है। पुलिस के अनुसार सिविल लाइन थाना क्षेत्र में गणेश विसर्जन शोभायात्रा के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल की ड्यूटी लगाई गई थी। इसी दौरान निर्धारित समय समाप्त होने के बाद भी तेज आवाज में डीजे बजाया जा रहा था। मौके पर मौजूद पुलिस टीम ने संबंधित लोगों को डीजे बंद करने की समझाइश दी।
आरोप है कि पुलिस की समझाइश के बाद कुछ लोगों ने डीजे बंद करने को लेकर पुलिसकर्मियों से बहस शुरू कर दी। पुलिस टीम की ओर से बार-बार समझाने के बावजूद विवाद बढ़ता चला गया। आरोपियों ने पुलिसकर्मियों के साथ गाली-गलौज और धमकी देते हुए धक्का-मुक्की एवं झूमाझटकी की। इससे मौके पर कानून-व्यवस्था की ड्यूटी प्रभावित हुई और शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न हुई। घटना के बाद सिविल लाइन पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए अपराध दर्ज किया। थाना सिविल लाइन में अपराध क्रमांक 513/2026 के तहत बीएनएस की धारा 296, 115(2), 221, 224, 132(ए) और 191(1) के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देशन और सिविल लाइन थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घटना के संबंध में शिकायतकर्ता और गवाहों से विस्तृत पूछताछ की। जांच के दौरान घटना में शामिल लोगों की पहचान करने की कार्रवाई की गई। इसके बाद पुलिस ने चार आरोपियों को चिह्नित कर हिरासत में लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विजय ताण्डी उम्र 27 वर्ष, विशाल ताण्डी उम्र 29 वर्ष, दीपक ताण्डी उम्र 36 वर्ष और भीम महानंद उम्र 32 वर्ष के रूप में हुई है। चारों आरोपी जगन्नाथ नगर, पंडरी थाना सिविल लाइन क्षेत्र के रहने वाले हैं।
पुलिस के मुताबिक हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर आरोपियों ने घटना में शामिल होना स्वीकार किया, जिसके बाद चारों को गिरफ्तार कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की गई। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी पूर्व में भी जेल में निरुद्ध रह चुके हैं। इस मामले में पुलिस की कार्रवाई अभी जारी है। घटना में शामिल बताए जा रहे कुछ आरोपी फरार हैं। पुलिस उनकी पहचान और संभावित ठिकानों के आधार पर तलाश कर रही है। फरार आरोपियों का पता लगाकर उन्हें गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं। रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने स्पष्ट किया है कि कानून-व्यवस्था की ड्यूटी में बाधा डालने, पुलिसकर्मियों के साथ अभद्रता या झूमाझटकी करने और शांति व्यवस्था को प्रभावित करने वाली गतिविधियों पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने कहा कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
Next Story





