
बिलासपुर। कोटा थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक सड़क हादसे में मोटरसाइकिल सवार युवक की स्कूल बस की टक्कर से मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने बस चालक के विरुद्ध आपराधिक प्रकरण दर्ज कर लिया है।
ग्राम दवनपुर निवासी दुर्गा प्रसाद मरावी विगत पंद्रह दिनों से अपनी पत्नी ईश्वरी एवं बच्चों के साथ ससुराल में रह रहा था। 10 अप्रैल को वह अपने गांव लौटा था। वह नेवसा से अपनी बाइक में मोबाइल मरम्मत कराने के लिए निकला और गोबरीपाठ की ओर जा रहा था। जैसे ही दुर्गा प्रसाद ग्राम पटैता के मुख्य मार्ग पर पहुँचा, उसी समय सेंट जेवियर्स स्कूल, कोटा की बस बच्चों को लेकर सामने से आ रही थी। बस ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे दुर्गा प्रसाद सड़क पर गिर पड़ा। उसके सिर और शरीर के अन्य भागों में गंभीर चोटें आईं और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
कुछ ही देर में पुलिस मौके पर पहुँची और शव को मरच्यूरी भेजा। घटना की जानकारी मिलने पर मृतक के ससुर मेलाराम नेताम (61) भी घटनास्थल पर पहुँचे। उनकी रिपोर्ट पर पुलिस ने बस चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। घटना के बाद चालक बस लेकर मौके से फरार हो गया। वहीं, हादसे से आहत स्कूल के बच्चे भयभीत हो गए थे।





