छत्तीसगढ़

सरपंच हत्याकांड: प्रेम प्रसंग के शक में हत्या का आरोप, 7 गिरफ्तार

Shantanu Roy
1 Oct 2026 7:05 PM IST
सरपंच हत्याकांड: प्रेम प्रसंग के शक में हत्या का आरोप, 7 गिरफ्तार
x
छग
Kondagaon. कोंडागांव। जिले के मोहपाल गांव के सरपंच मंगल सिंह मरकाम की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने आपसी रंजिश और प्रेम प्रसंग के संदेह में पूर्व नियोजित तरीके से सरपंच की पिटाई कर हत्या की थी। घटना के बाद शव को जंगल में छोड़ दिया गया और आरोपी रातभर आसपास मौजूद रहे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से डंडा और लोहे का रॉड भी बरामद किया है।
मामला 29 और 30 सितंबर की दरम्यानी रात का है। 30 सितंबर की सुबह करीब 8:30 बजे सीएचसी फरसगांव से थाना बड़ेडोंगर पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम मोहपाल के वर्तमान सरपंच मंगल सिंह मरकाम की अज्ञात लोगों ने मारपीट कर हत्या कर दी है। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक पंकज चंद्रा के निर्देश पर एफएसएल टीम, साइबर टीम, बड़ेडोंगर थाना पुलिस और रक्षित केंद्र कोण्डागांव का पुलिस बल घटनास्थल के लिए रवाना हुआ। मौके पर पहुंचकर पुलिस ने साक्ष्य जुटाए और संदिग्धों से पूछताछ शुरू की।
जांच के दौरान मिट्ठू राम नेताम से गवाहों की मौजूदगी में पूछताछ की गई। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में सामने आया कि सरपंच मंगल सिंह मरकाम का आरोपी परिवार की एक महिला से प्रेम प्रसंग होने का संदेह था। इसी बात को लेकर आरोपियों के मन में रंजिश थी। पुलिस के अनुसार मिट्ठू राम नेताम, श्रवण कुमार नेताम, अमित कुमार नेताम, लखन नेताम, नवलू वट्टी, राकेश मण्डावी और प्रभु लाल नेताम ने मिलकर सरपंच पर हमला करने की योजना बनाई थी। 29 सितंबर को सरपंच के उस रास्ते से आने की जानकारी मिलने के बाद सभी आरोपी पगडंडी मार्ग और नदी किनारे जंगल में घात लगाकर बैठ गए।
जैसे ही मंगल सिंह मरकाम वहां पहुंचे, आरोपियों ने उन्हें पकड़ लिया। आरोप है कि इसके बाद हाथ, थप्पड़, चप्पल, डंडे और लोहे के रॉड से उनके साथ जमकर मारपीट की गई। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने सरपंच के हाथ बांध दिए और लगातार हमला करते रहे। मारपीट के बाद आरोपियों ने मंगल सिंह को घटनास्थल से करीब 60 मीटर दूर ले जाकर कंबल से ढंक दिया। इसके बाद आरोपी सड़क किनारे आग जलाकर रातभर वहीं रुके रहे। सुबह करीब 5 से 5:30 बजे के बीच सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।
बाद में परिजनों ने मंगल सिंह मरकाम को घायल अवस्था में देखा और उन्हें उपचार के लिए सीएचसी फरसगांव ले जाया गया। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मामले में थाना बड़ेडोंगर पुलिस ने धारा 103(1) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान धारा 61(2)(क) और 191(2) बीएनएस भी जोड़ी गई। आरोपी मिट्ठू राम नेताम के मेमोरेंडम कथन के आधार पर पुलिस ने घटना में इस्तेमाल डंडा और लोहे का रॉड जब्त किया है।
पुलिस ने मामले में मिट्ठू राम नेताम उम्र 45 वर्ष, श्रवण कुमार नेताम उम्र 20 वर्ष, अमित कुमार नेताम उम्र 20 वर्ष, लखन नेताम उम्र 25 वर्ष, नवलू वट्टी उम्र 28 वर्ष, राकेश मण्डावी उम्र 21 वर्ष और प्रभु लाल नेताम उम्र 20 वर्ष को गिरफ्तार किया। सभी आरोपी ग्राम मोहपाल थाना बड़ेडोंगर के निवासी हैं। सातों आरोपियों को 1 अक्टूबर को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर पेश किया गया। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की विवेचना जारी है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक राजकुमार सोरी सहित बड़ेडोंगर थाना स्टाफ, साइबर टीम कोण्डागांव और रक्षित केंद्र के जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
Next Story