छत्तीसगढ़

रायपुर में ‘सरदार यूनिटी मार्च पदयात्रा, सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने दिया एकता का संदेश

Shantanu Roy
13 Nov 2025 7:08 PM IST
रायपुर में ‘सरदार यूनिटी मार्च पदयात्रा, सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने दिया एकता का संदेश
x
छग
Raipur. रायपुर। भारत के लौहपुरुष और देश के पहले गृह मंत्री सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर राजधानी रायपुर में एक भव्य और ऐतिहासिक आयोजन होने जा रहा है। लोकसभा सांसद बृजमोहन अग्रवाल के नेतृत्व में शुक्रवार, 14 नवंबर 2025 को ‘सरदार @150 यूनिटी मार्च पदयात्रा’ का आयोजन किया जाएगा। यह पदयात्रा देश की एकता, अखंडता और राष्ट्रभक्ति के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का प्रतीक बनेगी। कार्यक्रम के अनुसार यह विशाल पदयात्रा दोपहर 3 बजे दानी स्कूल से प्रारंभ होगी और रायपुर शहर के प्रमुख चौकों से होते हुए सरदार वल्लभभाई पटेल चौक (फाफाडीह) पर जाकर समाप्त होगी। इस दौरान शहरवासियों को देश के एकीकरण के महानायक सरदार पटेल के जीवन, संघर्ष और उनके अद्भुत राष्ट्रनिर्माण कार्यों से प्रेरणा लेने का अवसर मिलेगा। पदयात्रा का मार्ग शहर के कई प्रमुख स्थलों से गुजरेगा — कालीबाड़ी चौक, सीएसईबी चौक, कोतवाली चौक, सदानी चौक, सत्ती बाजार चौक, कंकाली हॉस्पिटल चौक, आजाद चौक, तात्यापारा चौक, ललिता चौक, रामसागरपारा, राठौड़ चौक, गुरुनानक चौक, देशबंधु स्कूल, संजय गांधी चौक, स्टेशन रोड, स्टेशन चौक, फाफाडीह चौक और पीली बिल्डिंग चौक होते हुए यात्रा का समापन सरदार पटेल चौक पर होगा।

समापन स्थल पर सभा एवं मंचीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया है, जिसमें देश की एकता और अखंडता को बनाए रखने के संदेश के साथ सरदार वल्लभभाई पटेल के योगदान पर विचार व्यक्त किए जाएंगे। सांसद बृजमोहन अग्रवाल सहित कई जनप्रतिनिधि, सामाजिक संगठन, युवा, विद्यार्थी और गणमान्य नागरिक इस यात्रा में शामिल होंगे। सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने बताया कि सरदार पटेल ने जिस अदम्य साहस, दृढ़ इच्छाशक्ति और राष्ट्रप्रेम से भारत के 562 रियासतों को एक सूत्र में पिरोया, वह इतिहास में स्वर्ण अक्षरों में दर्ज है। उन्होंने कहा, “आज देश जिन
ऊंचाइयों
को छू रहा है, उसका मजबूत आधार सरदार पटेल की एकता की नींव पर टिका है। हमें उनके आदर्शों पर चलकर ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ के सपने को साकार करना है।” उन्होंने सभी रायपुरवासियों से आह्वान किया कि वे इस ऐतिहासिक पदयात्रा में शामिल होकर देश की एकता और अखंडता के इस संकल्प को और मजबूत बनाएं। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में राष्ट्रभक्ति की भावना जगाना और भारत की विविधता में एकता की अवधारणा को सशक्त करना है। पदयात्रा में शहर के विभिन्न वर्गों — विद्यार्थी, व्यापारी, समाजसेवी और आम नागरिक — के शामिल होने की उम्मीद है। जगह-जगह सांस्कृतिक झांकियां और देशभक्ति गीतों की प्रस्तुति भी कार्यक्रम का आकर्षण रहेंगी।
Next Story