छत्तीसगढ़

इंस्पायर अवार्ड प्रतियोगिता के लिये समृद्धि शर्मा का चयन, कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने दी शुभकामनायें

Shantanu Roy
6 Oct 2026 6:35 PM IST
इंस्पायर अवार्ड प्रतियोगिता के लिये समृद्धि शर्मा का चयन, कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने दी शुभकामनायें
x
छग
Baloda Bazar. बलौदाबाजार। स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट एमडीवी अंग्रेजी माध्यम विद्यालय बलौदाबाजार में कक्षा 6वीं में अध्ययनरत छात्रा समृद्धि शर्मा का चयन इंस्पायर अवार्ड मानक के 12वें नेशनल लेवल एग्जीबिशन एंड प्रोजेक्ट कॉम्पिटिशन के लिए हुआ है। समृद्धि राष्ट्रीय स्तर पर अपने नवाचारी मॉडल “सिलेंडर कैरियर" का प्रदर्शन करेंगी। कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने समृद्धि की इस उपलब्धि के लिये बधाई व शुभकामनायें दी है। कलेक्टर श्री शर्मा ने कहा कि जिले की छात्रा का राष्ट्रीय स्तर पर चयन पूरे जिले के लिए गौरव का विषय है। समृद्धि ने अपने नवाचारी मॉडल “सिलेंडर कैरियर” के माध्यम से अपनी रचनात्मक सोच, वैज्ञानिक दृष्टिकोण और नवाचार की क्षमता का परिचय दिया है।

कलेक्टर श्री शर्मा ने कहा कि विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच एवं नवाचार को बढ़ावा देना समय की आवश्यकता है। इंस्पायर अवार्ड मानक जैसे कार्यक्रम विद्यार्थियों को अपनी कल्पनाशीलता और वैज्ञानिक विचारों को मॉडल के रूप में प्रस्तुत करने के लिए एक महत्वपूर्ण मंच प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि समृद्धि जैसी प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने से जिले के अन्य विद्यार्थियों को भी विज्ञान एवं नवाचार के क्षेत्र में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी। 12वें नेशनल लेवल एग्जीबिशन एंड प्रोजेक्ट कॉम्पिटिशन का आयोजन 12 अक्टूबर से 14 अक्टूबर 2026 तक भारत मंडपम, नई दिल्ली में किया जा रहा है। विभागीय पत्र के अनुसार चयनित प्रतिभागियों को अपने प्रोटोटाइप मॉडल के साथ निर्धारित कार्यक्रम में शामिल होना है। इस अवसर पर प्राचार्य ऋतु शुक्ला,जिला नोडल अधिकारी कौशिक मुनि त्रिपाठी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
Next Story