छत्तीसगढ़

नहीं मिला वेतन, बड़े आंदोलन की तैयारी कर रहे निगम कर्मचारी

Nilmani Pal
16 Jan 2023 8:35 AM GMT
नहीं मिला वेतन, बड़े आंदोलन की तैयारी कर रहे निगम कर्मचारी
x

दुर्ग। भिलाई नगर निगम में वेतन विसंगति को लेकर कर्मचारियों में काफी रोष है। इस बार भी दो महीने का वेतन लंबित होने के बाद सिर्फ नवंबर माह का वेतन दिया गया है। इससे नाराज कर्मचारी अब बड़े आंदोलन की तैयारी कर रहे हैं। आंदोलन में अधिक से अधिक निगम कर्मचारी शामिल हों इसके लिए कर्मचारी नेता उन्हें एकजुट करने का काम कर रहे हैं। शुक्रवार को जोन 1 के बाद सोमवार को जोन 2 में जाकर कर्मचारी नेताओं ने विरोध प्रदर्शन और आंदोलन में हिस्सा लेने की मांग की।

नगरीय निकाय छत्तीसगढ़ कर्मचारी कांग्रेस के संयोजक संजय शर्मा ने बताया कि निगम के इतिहास में ऐसा कभी नहीं हुआ कि कर्मचारियों को वेतन को लेकर दिक्कत हुई हो। वेतन मिलने में कुछ दिन का विलंब जरूर हुआ होगा, लेकिन पिछले कुछ महीनों से ऐसा पहली बार हो रहा है कि निगम कर्मचारियों का वेतन नहीं दे पा रहा है।

सरकार निगम के सभी आय के साधन को खत्म कर रही है। इससे निगम कंगाल होता जा रहा है। इसके चलते दिवाली में तीन माह का वेतन बड़ी मुश्किल से दिया गया। उसके बाद से लगातार वेतन एक माह देरी से मिल रहा है। निगम कमिश्नर का कहना है कि वेतन को लेकर वो ऊपर दबाव बनाएंगे। संजय शर्मा का कहना है कि वो लोग हर जोन में जाकर कर्मचारियों को एकत्र कर रहे हैं। ऐसा करके बड़ी रैली की तैयारी की जाएगी।

Next Story