छत्तीसगढ़

ग्रामीण महिलाओं से 70.77 लाख की ठगी, महिला आरोपी गिरफ्तार

Shantanu Roy
6 Oct 2026 5:54 PM IST
ग्रामीण महिलाओं से 70.77 लाख की ठगी, महिला आरोपी गिरफ्तार
x
छग
Raigarh. रायगढ़। शेयर मार्केट में निवेश कर कम समय में पैसा दोगुना करने और मोटा मुनाफा दिलाने का झांसा देकर ग्रामीण महिलाओं से 70 लाख 77 हजार 901 रुपये की ठगी करने के मामले में रायगढ़ पुलिस ने एक महिला आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान मेनका सारथी पति अक्षय सारथी, उम्र 37 वर्ष, निवासी ग्राम बरतुंगा, थाना डभरा, जिला सक्ती के रूप में हुई है। पुलिस जांच में आरोपी महिला के पति अक्षय सारथी और उसकी मां मीरा सोनवानी की भूमिका भी सामने आई है। दोनों की गिरफ्तारी अभी शेष है।
मामले की शिकायत थाना पुसौर क्षेत्र के ग्राम जतरी निवासी हारा बाई निषाद समेत गांव की अन्य महिलाओं ने की थी। शिकायत के मुताबिक, मेनका सारथी जब भी अपने मायके ग्राम जतरी आती थी तो महिलाओं को बताती थी कि वह और उसका पति शेयर मार्केट में पैसा लगाकर अच्छा मुनाफा कमा रहे हैं। आरोप है कि मेनका ने गांव की महिलाओं को भरोसा दिलाया कि उसके बताए अनुसार निवेश करने पर कम समय में रकम दोगुनी हो जाएगी। उसने यह भी कहा कि यदि शेयर मार्केट से फायदा नहीं हुआ तो वह और उसका पति अपनी गारंटी पर दोगुनी रकम वापस कर देंगे।
इस भरोसे में आकर गांव की कई महिलाओं ने 6 अप्रैल 2025 से 24 अक्टूबर 2025 के बीच नकद और ऑनलाइन माध्यम से उसे बड़ी रकम दी। शिकायत के अनुसार, हारा बाई निषाद से 17 लाख 53 हजार रुपये, आरती सिदार से 3 लाख, अनिता निषाद से 17 लाख 24 हजार, दुजकुंवर यादव से 5 लाख, सुशीला निषाद से 1 लाख 80 हजार, मोहनमती सिदार से 3 लाख 30 हजार, मुन्नी बाई सारथी से 3 लाख 40 हजार, पुष्पा सिदार से 9 लाख, फुलबाई यादव से 3 लाख और विष्णु प्रिया निषाद से 7 लाख 50 हजार रुपये लिए गए। अन्य महिलाओं को मिलाकर कुल रकम 70 लाख 77 हजार 901 रुपये बताई गई है।
पुलिस के मुताबिक, शुरुआत में कुछ निवेशकों को लाभ के नाम पर रकम वापस दी गई, जिससे उनका भरोसा बढ़ा। बाद में महिलाओं को न तो कोई मुनाफा मिला और न ही उनकी मूल रकम वापस की गई। जब पीड़ितों ने पैसे लौटाने की मांग की तो आरोप है कि उन्हें धमकाया गया। जांच में यह भी सामने आया कि कुछ महिलाओं ने बैंकों से लोन लेकर निवेश किया था और अब वे स्वयं उन लोन की किश्तें चुका रही हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में विस्तृत जांच कराई गई। जांच के बाद 22 जुलाई 2026 को साइबर थाना में अपराध क्रमांक 11/2026, धारा 318(4), 3(5) बीएनएस के तहत मेनका सारथी, अक्षय सारथी और मीरा सोनवानी के खिलाफ अपराध दर्ज किया गया।
विवेचना के दौरान पुलिस ने पीड़ित महिलाओं और आरोपियों के बैंक खातों की जांच की। आरोपी महिला के तीन अलग-अलग खातों में लाखों रुपये के लेनदेन की जानकारी सामने आई। बैंक ट्रांजेक्शन, पीड़ितों के बयान और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस टीम ने ग्राम बरतुंगा में दबिश देकर मेनका सारथी को हिरासत में लिया और रायगढ़ लाया। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में मेनका ने बताया कि उसने एक पुरुष मित्र के साथ मिलकर निवेश के नाम पर लोगों से रकम लेने की योजना बनाई थी। बाद में इसमें पति
अक्षय सारथी
और मां मीरा सोनवानी को भी शामिल किया गया। आरोप है कि पति निवेश से जुड़े लेनदेन पर नजर रखता था, जबकि मां गांव की महिलाओं को रकम लगाने के लिए प्रेरित करती थी और नकद रकम लेने तथा खातों में जमा कराने में मदद करती थी। पुलिस ने आरोपी महिला के कब्जे से लेनदेन में प्रयुक्त मोबाइल फोन, तीन बैंक खाते और एटीएम कार्ड जब्त किए हैं। अन्य आरोपियों और संभावित सहयोगियों की भूमिका की जांच जारी है। एसएसपी शशि मोहन सिंह ने लोगों से अपील की है कि शेयर मार्केट में कम समय में दोगुना-तिगुना मुनाफा या निश्चित लाभ की गारंटी देने वालों के झांसे में न आएं। निवेश से पहले व्यक्ति या संस्था की वैधता और विश्वसनीयता की पूरी जांच करें।
Next Story