छत्तीसगढ़

आरएसएस चीफ ने दिलीप सिंह जूदेव के परिवार से की मुलाकात

Nilmani Pal
14 Nov 2022 8:44 AM GMT
आरएसएस चीफ ने दिलीप सिंह जूदेव के परिवार से की मुलाकात
x

जशपुर। स्व. दिलीप सिंह जूदेव की आदमकद प्रतिमा के अनावरण के अवसर पर पहुंचे राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डॉ मोहन भागवत ने आज आदिवासी समाज के भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। आर एस एस प्रमुख रविवार को शाम 5 बजे सडक़ रास्ते से रांची से जशपुर पहुंचे। उन्होंने वनवासी कल्याण आश्रम में रात्रि विश्राम किया। शाम को यहां पर शाखा का पथ संचलन और आरती रखी गई थी, जिसमें वे शामिल हुए। साथ ही संघ के पदाधिकारियों और स्वयंसेवकों से उन्होंने मुलाकात की।

स्वर्गीय जूदेव की आदमकद प्रतिमा लगाने की घोषणा तत्कालीन मुख्यमंत्री डॉक्टर रमन सिंह ने सन् 2013 में की थी। इसके कुछ दिन पहले 14 अगस्त को जूदेव का देहावसान हुआ था। प्रतिमा लगभग 3 साल पहले बनकर तैयार हो गई है। आर एस एस प्रमुख भागवत आज सुबह करीब 10 बजे जशपुर के विजय विहार पैलेस पहुंचे। यहां उन्होंने स्वर्गीय जूदेव की पत्नी माधवी सिंह और उनके परिवार के सदस्यों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। पैलेस में उन्होंने जूदेव की स्मृतियों का अवलोकन किया।

जशपुर में जनजातीय गौरव दिवस का कार्यक्रम भी आयोजित है। इसके बाद वे अंबिकापुर रवाना हो जाएंगे। कल 15 नवंबर को यहां एक बौद्धिक सभा रखी गई है, जिसमें भी अपना विचार रखेंगे। छत्तीसगढ़ का उत्तरी भाग राजनीतिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है। सरगुजा संभाग में कुल 14 विधानसभा सीटें हैं जिनमें पिछली बार भारतीय जनता पार्टी को करारी हार का सामना करना पड़ा था। यहां तक कि जशपुर जिसे भाजपा का गढ़ माना जाता है, वहां से भी सभी विधानसभा सीटें गंवानी पड़ी थी।


Next Story