छत्तीसगढ़

सोलर पैनल के नाम पर 34 लाख की ठगी, मुंबई से आरोपी गिरफ्तार

Shantanu Roy
27 Nov 2026 10:50 PM IST
सोलर पैनल के नाम पर 34 लाख की ठगी, मुंबई से आरोपी गिरफ्तार
x
छग
Durg. दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में सोलर पैनल उपलब्ध कराने और ग्राहकों के यहां इंस्टॉलेशन कराने के नाम पर 34 लाख रुपये की ऑनलाइन धोखाधड़ी के मामले में स्मृतिनगर चौकी पुलिस ने महत्वपूर्ण कार्रवाई की है। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, मोबाइल नंबरों और बैंक खातों की जानकारी के आधार पर आरोपियों की पहचान की। मामले में मुंबई की जेल में निरुद्ध आरोपी को प्रोडक्शन वारंट और ट्रांजिट रिमांड की वैधानिक प्रक्रिया पूरी कर दुर्ग लाया गया। न्यायालय में प्रस्तुत करने के बाद पुलिस रिमांड प्राप्त कर आगे की
पूछताछ
और विवेचना की जा रही है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी नवीन कुमार ने 5 सितंबर 2026 को चौकी स्मृतिनगर में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि 24 जून 2026 को मोबाइल फोन के माध्यम से स्नेहा और कंपनी मैनेजर कमलेश पाटिल नामक व्यक्तियों ने उनसे संपर्क किया था। दोनों ने स्वयं को मुंबई, महाराष्ट्र स्थित सनरुट एनर्जी सॉल्यूशन प्राइवेट लिमिटेड से संबंधित बताया था।

बाजार से कम कीमत पर सोलर पैनल देने का झांसा
शिकायत के मुताबिक, आरोपियों ने नवीन कुमार की फर्म को बाजार दर से कम कीमत पर सोलर पैनल उपलब्ध कराने का प्रस्ताव दिया था। इसके साथ ही ग्राहकों के यहां सोलर पैनल इंस्टॉलेशन कराने की बात भी कही गई थी। व्यावसायिक लाभ का प्रलोभन देकर प्रार्थी को विश्वास में लिया गया और कंपनी के बैंक खाते में रकम जमा कराई गई। प्रार्थी ने बैंक ऑफ बड़ौदा की नंदनी रोड भिलाई शाखा और कोटक महिंद्रा बैंक की सुपेला शाखा स्थित अपने खातों से आईएमपीएस और आरटीजीएस के माध्यम से कुल 34 लाख रुपये हस्तांतरित किए। यह रकम कंपनी के मुंबई स्थित एयू स्मॉल फाइनेंस बैंक के खाते में भेजी गई थी। बाद में धोखाधड़ी का पता चलने पर प्रार्थी ने पुलिस से शिकायत की। शिकायत के आधार पर थाना सुपेला की चौकी स्मृतिनगर में अपराध क्रमांक 1306/2026 दर्ज किया गया। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318(4) और 3(5) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की।

तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों तक पहुंची पुलिस
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने साइबर सेल और संबंधित बैंकों की सहायता से जांच आगे बढ़ाई। विवेचना के दौरान संदिग्ध मोबाइल नंबरों, बैंक खातों और वित्तीय लेनदेन से संबंधित जानकारियां प्राप्त की गईं। प्रार्थी के कथन और जांच में मिले तथ्यों के आधार पर आयुष उपाध्याय और विवेक मिश्रा के नाम सामने आए। पुलिस को जानकारी मिली कि दोनों आरोपी मुंबई के थाना बांगुर नगर में दर्ज एक अन्य आपराधिक प्रकरण में पहले से गिरफ्तार हैं। दोनों अपराध क्रमांक 880/2026 में बीएनएस की धारा 316(2), 318(4) और 3(5) के तहत न्यायिक अभिरक्षा में मुंबई की सेंट्रल जेल में निरुद्ध थे। इसके बाद स्मृतिनगर चौकी पुलिस ने मुंबई की स्थानीय पुलिस और जेल प्रशासन से समन्वय स्थापित किया। दुर्ग जिला न्यायालय के मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट से प्रोडक्शन वारंट प्राप्त कर आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया पूरी की गई।

पुलिस रिमांड में की जा रही पूछताछ
प्रकरण में 27 वर्षीय विवेक मिश्रा, निवासी पालघर, महाराष्ट्र का नाम गिरफ्तार आरोपी के रूप में जारी किया गया है। ट्रांजिट रिमांड पर दुर्ग लाने और न्यायालय में प्रस्तुत करने के बाद पुलिस रिमांड प्राप्त कर आगे की विवेचना की जा रही है। पुलिस वित्तीय लेनदेन और मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की पड़ताल कर रही है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने कंपनी का प्रतिनिधि बताकर प्रार्थी का विश्वास हासिल किया था। बाजार से कम कीमत पर सोलर पैनल की आपूर्ति और इंस्टॉलेशन का प्रस्ताव देकर व्यावसायिक लाभ का लालच दिया गया। इसके बाद ऑनलाइन बैंकिंग के माध्यम से रकम कंपनी के खाते में जमा कराकर कथित धोखाधड़ी की गई।

पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका
इस कार्रवाई में चौकी स्मृतिनगर के उप निरीक्षक दीपक चौहान, प्रधान आरक्षक क्रमांक 134 जितेन्द्र कुशवाह और आरक्षक क्रमांक 1185 राजकुमार चन्द्रा की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस टीम ने दूसरे राज्य में जाकर स्थानीय पुलिस और जेल प्रशासन से समन्वय स्थापित करते हुए आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की।

दुर्ग पुलिस ने व्यापारियों और नागरिकों से की अपील
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों और व्यापारियों से अपील की है कि किसी भी कंपनी या व्यक्ति के साथ
ऑनलाइन व्यापारिक
लेनदेन करने से पहले उसकी वैधता, पंजीयन, कार्यालय और बैंक खाते की प्रमाणिकता की जांच अवश्य करें। बाजार दर से असामान्य रूप से कम कीमत पर सामान उपलब्ध कराने वाले प्रस्तावों के प्रति सतर्क रहें। बिना सत्यापन किसी अनजान व्यक्ति या कंपनी के बैंक खाते में बड़ी रकम हस्तांतरित न करें। ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी होने पर तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 अथवा नजदीकी पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराएं।
Next Story