छत्तीसगढ़

महिला के घर डकैती, मामले में 3 आरोपी गिरफ्तार

Nilmani Pal
22 Jan 2023 3:19 AM GMT
महिला के घर डकैती, मामले में 3 आरोपी गिरफ्तार
x
छग

दुर्ग। दुर्ग पुलिस ने एक महिला के घर में घुसकर उसके बच्चे के ऊपर धारदार हथियार रखकर डकैती करने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामले में तीन अन्य आरोपी फरार हैं। उनकी तलाश की जा रही है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो मोटर साइकिल भी बरामद की है।

नेवई टीआई ममता अली शर्मा ने बताया कि 6 आरोपियों ने मिलकर निलोफर किराना स्टोर नेवई दुर्ग निवासी नरगिस खान (37 साल) के घर में घुसकर डकैती की घटना को अंजाम दिया था। घटना 10 जनवरी सुबह 6 बजे की है। नरगिस के मुताबिक अचानक उसके घर में 6 लोग आए और जान से मारने की धमकी देने लगे। उनके हाथों में चाकू व अन्य धारदार हथियार थे। उन्होंने कहा कि उसके पति की वजह से वो लोग जेल गए हैं।

पीड़िता के मुताबिक आरोपी कहने लगे कि घर में रुपए कहां छिपाकर रखे हो लाओ नहीं तो जान से मार देंगे। जब नरगिस ने रुपए नहीं दिए तो उन्होंने उसके साथ मारपीट की और उसके बच्चे के ऊपर चाकू अड़ा दिया। इससे नरगिस डर गई। शोर मचाने पर जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद बाकी आरोपियों ने घर का एक-एक सामान चेक किया। इस दौरान वो लोग आलमारी में रखे 8 हजार रुपए नगद, एक जोड़ी चांदी की पायल और कुछ अन्य सामान अपने साथ ले गए। महिला की शिकायत के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की पतासाजी शुरू की। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर उन्होंने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया।

महिला के घर डकैती, मामले में 3 आरोपी गिरफ्तार

Next Story