छत्तीसगढ़

चाकू की नोक पर लूट का खुलासा, मोबाइल खरीदने-बेचने वाले 6 गिरफ्तार

Shantanu Roy
21 Oct 2026 5:34 PM IST
चाकू की नोक पर लूट का खुलासा, मोबाइल खरीदने-बेचने वाले 6 गिरफ्तार
x
छग
Raigarh. रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में ट्रेलर चालक से चाकू की नोक पर मोबाइल और नकदी लूटने के मामले में जूटमिल पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने लूट की वारदात को अंजाम देने वाले मुख्य आरोपी शनि केंवट सहित चोरी की संपत्ति की खरीद-बिक्री में शामिल पांच अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है। खास बात यह है कि पुलिस लूटे गए मोबाइल में इस्तेमाल हो रहे दूसरे सिम कार्ड के जरिए आरोपियों तक पहुंची। इसके बाद मोबाइल की खरीद-बिक्री की एक-एक कड़ी जोड़ते हुए मुख्य आरोपी को पकड़ लिया गया। पुलिस ने लूटा गया POCO M7 मोबाइल और उसकी बिक्री से प्राप्त रकम से खरीदा गया Samsung A36 मोबाइल भी जब्त किया है। गिरफ्तार सभी छह आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

चाकू दिखाकर ट्रेलर चालक से की थी लूटपाट
जानकारी के मुताबिक, रायगढ़ के कृष्णवाटिका बोईरदादर निवासी दीपक कुमार (29 वर्ष) ने 14 अक्टूबर 2026 को जूटमिल थाने में लूट की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायतकर्ता ने बताया कि 10 अक्टूबर को वह ट्रेलर क्रमांक CG 13 AS 9699 में झारसुगुड़ा से कोयला लोड कर तमनार जा रहा था। सुबह करीब 5 बजे अमलीभौना स्थित शीला पेट्रोल पंप के पास तीन अज्ञात युवकों ने उसका रास्ता रोक लिया। आरोपियों ने चाकू दिखाकर जान से मारने की धमकी दी और उसका POCO M7 मोबाइल तथा 200 रुपए नकद लूटकर फरार हो गए। शिकायत पर पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।

दूसरे सिम कार्ड से पुलिस को मिला सुराग
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने लूटे गए मोबाइल की तकनीकी जानकारी जुटाई। जांच में सामने आया कि मोबाइल में दूसरा सिम कार्ड इस्तेमाल किया जा रहा था। सिम कार्ड की जानकारी निकालने पर वह मोबाइल दुकान संचालक नीरज परियानी के नाम पर पंजीकृत मिला। पुलिस ने नीरज से पूछताछ की तो उसने बताया कि उसकी दुकान में काम करने वाले भुवन निषाद ने मोबाइल लाकर बेचा था।

एक के बाद एक पांच लोगों तक पहुंची पुलिस
इसके बाद पुलिस ने भुवन निषाद से पूछताछ की। उसने बताया कि मोबाइल रोहित दुलेवाले से खरीदा था। रोहित ने मोबाइल संजय कुमार सिंह से खरीदने की जानकारी दी। संजय ने आकाश डेविड का नाम बताया, जबकि आकाश ने मोबाइल शनि केंवट से खरीदने की बात कही। इस तरह लूटे गए मोबाइल की खरीद-बिक्री की पूरी कड़ी सामने आई। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर मुख्य आरोपी शनि केंवट तक पहुंचकर उसे गिरफ्तार कर लिया।

शनि केंवट ने साथियों के साथ की थी वारदात
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में शनि केंवट ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर ट्रेलर चालक से लूटपाट करने की बात स्वीकार की। आरोपी ने लूटा गया मोबाइल आकाश डेविड को 3 हजार रुपए में बेचने की जानकारी भी दी। प्रशिक्षु उप निरीक्षक एवं जूटमिल थाना प्रभारी दिव्या बंजारे ने कार्यपालिक मजिस्ट्रेट के समक्ष पीड़ित दीपक कुमार से आरोपी की पहचान कराई। पुलिस ने लूटे गए POCO M7 मोबाइल को जब्त कर लिया है।

लूट के मोबाइल की रकम से खरीदा Samsung A36
जांच में एक और जानकारी सामने आई। पुलिस के मुताबिक, आरोपी भुवन निषाद ने लूटे गए मोबाइल को बेचने से मिली रकम का उपयोग Samsung A36 मोबाइल खरीदने में किया था। पुलिस ने इस मोबाइल को भी गवाहों के समक्ष जब्त कर लिया। विवेचना के दौरान नीरज परियानी, भुवन निषाद, रोहित दुलेवाले, संजय कुमार सिंह और आकाश डेविड पर चोरी या लूट की संपत्ति होने की जानकारी के बावजूद मोबाइल खरीदने का आरोप सामने आया। इसके बाद मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 317(2) भी जोड़ी गई।

छह आरोपी गिरफ्तार, न्यायिक रिमांड पर भेजे गए
पुलिस ने मामले में नीरज परियानी (36), भुवन निषाद (24), रोहित दुलेवाले (30), संजय कुमार सिंह (18), आकाश डेविड (20) और शनि केंवट (19) को गिरफ्तार किया है। सभी छह आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

एसएसपी ने दी सख्त चेतावनी
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि चोरी और लूट की संपत्ति खरीदने वाले लोग भी कानूनी कार्रवाई से नहीं बच सकते। उन्होंने चेतावनी दी कि चंद रुपयों के लालच में अपराधियों से सामान खरीदना महंगा पड़ सकता है। ऐसे मामलों में संलिप्त पाए जाने पर जेल जाना पड़ सकता है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि चोरी और लूट की संपत्ति की खरीद-बिक्री में शामिल लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
Next Story