छत्तीसगढ़
रायगढ़ में लूट और चाकूबाजी का खुलासा, युवक समेत दो नाबालिग हिरासत में
Shantanu Roy
6 Oct 2026 4:02 PM IST

x
छग
Raigarh. रायगढ़। जूटमिल थाना क्षेत्र में मिनीमाता चौक के पास हुई लूट और बजरंगपारा में 17 वर्षीय किशोर पर चाकू से जानलेवा हमला करने के दो मामलों का पुलिस ने 48 घंटे के भीतर खुलासा किया है। पुलिस ने इन वारदातों में शामिल दो विधि से संघर्षरत बालकों को हिरासत में लिया है, जबकि एक बालिग आरोपी गणेश सारथी को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के कब्जे से लूटा गया मोबाइल फोन, वारदात में इस्तेमाल बटन चाकू और लोहे का कड़ा बरामद किया गया है। मामले में चार अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार, पहली वारदात 4 अक्टूबर 2026 की रात करीब 9 बजे ओवरब्रिज रेलवे क्रॉसिंग के पास मिनीमाता चौक से पहले रेलवे पटरी के नजदीक हुई। महरापारा जूटमिल निवासी रितेश कुमार जैन अपने रास्ते से जा रहे थे। इसी दौरान दो नाबालिगों ने अपने तीन अन्य साथियों के साथ उनका रास्ता रोक लिया। आरोप है कि आरोपियों ने रितेश के साथ गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और हाथ-मुक्कों से मारपीट की। इसी बीच नुकीले चाकू से उनके दाहिने सीने पर हमला कर दिया गया। इसके बाद आरोपी उनके पास रखे 300 रुपये नकद और वीवो कंपनी का मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए।
रितेश की शिकायत पर जूटमिल पुलिस ने अपराध क्रमांक 603/2026 के तहत बीएनएस की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की। इसी रात बजरंगपारा में दूसरी वारदात सामने आई। पुलिस के मुताबिक, दो विधि से संघर्षरत बालकों ने गणेश सारथी और एक अन्य युवक के साथ मिलकर 17 वर्षीय विनय जायसवाल से शराब पीने के लिए पैसे मांगे। किशोर के इनकार करने पर विवाद बढ़ गया। आरोप है कि चारों ने किशोर के साथ गाली-गलौज और मारपीट की। इसके बाद जान से मारने की नीयत से उसके पेट पर चाकू से हमला किया और मौके से फरार हो गए। इस मामले में पुलिस ने अपराध क्रमांक 607/2026 के तहत हत्या के प्रयास समेत अन्य धाराओं में प्रकरण दर्ज किया।
दोनों गंभीर घटनाओं को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में सीएसपी राहुल उईके के मार्गदर्शन पर थाना प्रभारी जूटमिल निरीक्षक अभिनव कांत सिंह ने आरोपियों की तलाश शुरू कराई। पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास जानकारी जुटाई और संदिग्धों की गतिविधियों तथा अन्य उपलब्ध साक्ष्यों को खंगाला। जांच के आधार पर पुलिस ने तीन संदिग्धों को पकड़ा। पूछताछ में इनकी भूमिका सामने आई। इनमें गणेश सारथी बालिग है, जबकि दो आरोपी विधि से संघर्षरत बालक हैं। पुलिस के अनुसार, गणेश सारथी दूसरी घटना यानी किशोर पर हमले में शामिल था।
आरोपियों के कब्जे से लूटा गया मोबाइल फोन, एक बटन चाकू और हाथ में पहना जाने वाला लोहे का कड़ा बरामद किया गया है। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि दोनों विधि से संघर्षरत बालकों और गणेश सारथी का पूर्व में भी आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। पुलिस का दावा है कि इनके खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, लूट और मारपीट जैसे मामलों में पहले भी प्रकरण रहे हैं। दोनों नाबालिगों के खिलाफ लूट और हत्या के प्रयास से संबंधित प्रावधानों के तहत कार्रवाई करते हुए उन्हें किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है। वहीं गणेश सारथी के खिलाफ नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की गई है। दोनों मामलों में शामिल चार अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी अभिनव कांत सिंह, सहायक उप निरीक्षक नरसिंह नाथ यादव, हेमंत कश्यप, प्रधान आरक्षक सतीश कुमार पाठक सहित जूटमिल थाना स्टाफ की भूमिका रही। एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि चाकूबाजी, लूट और गंभीर अपराधों को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसे मामलों में लगातार कार्रवाई की जाएगी।
Next Story





