छत्तीसगढ़

रायपुर में सड़क सुरक्षा सम्मेलन का भव्य आयोजन

Shantanu Roy
23 May 2025 7:55 PM IST
रायपुर में सड़क सुरक्षा सम्मेलन का भव्य आयोजन
x
छग
Raipur. रायपुर। जिला रायपुर में लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं को देखते हुए रायपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक अमरेश मिश्रा के निर्देश पर और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक लाल उमेद सिंह के मार्गदर्शन में एक विशेष सड़क सुरक्षा सम्मेलन का आयोजन किया गया। इसका उद्देश्य लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना और दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए आवश्यक उपायों की जानकारी देना था। इस अवसर पर तिल्दा नेवरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले मालवाहक वाहनों के मालिकों को सूचीबद्ध कर सम्मेलन में आमंत्रित किया गया, साथ ही आसपास के ग्रामीण अंचलों से भी बड़ी संख्या में लोगों की सहभागिता रही। कुल मिलाकर सम्मेलन में लगभग 900 से 1000 लोगों की उपस्थिति दर्ज की गई।

अधिकारियों ने दी अहम जानकारियां
सम्मेलन के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) कीर्तन राठौर ने सड़क दुर्घटनाओं के बाद के गोल्डन ऑवर के महत्व को समझाया। उन्होंने कहा कि हादसे के बाद घायलों को एक घंटे के भीतर अस्पताल पहुंचाना अत्यंत जरूरी होता है, जिससे कई जानें बचाई जा सकती हैं। उन्होंने मालवाहक वाहन मालिकों को सख्त निर्देश दिए कि वे अपने वाहनों में किसी भी परिस्थिति में सवारी न बैठाएं, शराब पीकर वाहन न चलाएं, और ओवरलोडिंग व ओवरस्पीडिंग से बचें। नियमों के उल्लंघन पर मोटर व्हीकल एक्ट और BNS की धाराओं के अंतर्गत सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई। उप पुलिस अधीक्षक गुरजीत सिंह ने सड़क परिवहन से जुड़े कानूनी प्रावधानों और सुरक्षा उपायों पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने आम लोगों से अपील की कि वे यात्रा के दौरान सावधानी बरतें और सुरक्षा उपकरणों का उपयोग करें।

स्थानीय जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने भी रखे विचार
सम्मेलन में नगर पुलिस अधीक्षक (विधानसभा) विरेन्द्र चतुर्वेदी एवं थाना प्रभारी तिल्दा नेवरा सत्येन्द्र सिंह श्याम ने भी लोगों को संबोधित किया और यातायात नियमों के पालन की आवश्यकता पर बल दिया। नगरपालिका अध्यक्ष श्रीमती चंद्रकला वर्मा ने सुझाव दिया कि इस प्रकार की जागरूकता सिर्फ सम्मेलनों तक सीमित न रहे, बल्कि गांव-गांव में प्रचार-प्रसार किया जाए, जिससे आम जनता तक सही जानकारी पहुंचे। सम्मेलन में ओमप्रकाश मिश्रा (बैकुंठ), सोनू पंजवानी (तिल्दा) और मोहम्मद मिर्जा (अडानी पावर प्लांट रायखेडा) सहित अन्य वक्ताओं ने भी अपने विचार प्रस्तुत किए और पुलिस प्रशासन के प्रयासों की सराहना की।

सामूहिक शपथ और उत्साहपूर्ण भागीदारी
इस आयोजन में क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, वार्ड पार्षद, सरपंच, जनपद सदस्य, मीडिया कर्मी, आम नागरिक, वाहन चालक और वाहन स्वामी बड़ी संख्या में मौजूद रहे। सभी प्रतिभागियों ने यातायात नियमों का पालन करने की शपथ ली और रायपुर पुलिस के इस प्रयास की सराहना की। यह सम्मेलन न केवल जागरूकता फैलाने का माध्यम बना, बल्कि सामाजिक सहभागिता से सुरक्षा के प्रति एक नई सोच और जिम्मेदारी का संदेश भी स्थापित किया। रायपुर पुलिस का यह प्रयास सड़क सुरक्षा की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम के रूप में देखा जा रहा है।
Next Story