छत्तीसगढ़

महाराजा अग्रसेन इंटरनेशनल कॉलेज में सड़क सुरक्षा एवं यातायात जागरूकता कार्यक्रम

jantaserishta.com
9 Sept 2026 6:56 PM IST
महाराजा अग्रसेन इंटरनेशनल कॉलेज में सड़क सुरक्षा एवं यातायात जागरूकता कार्यक्रम
x
रायपुर: शहर में सुरक्षित, सुगम एवं अनुशासित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा युवाओं को सड़क सुरक्षा एवं साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से रायपुर यातायात पुलिस द्वारा लगातार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में महाराजा अग्रसेन इंटरनेशनल कॉलेज, समता कॉलोनी, रायपुर में सड़क सुरक्षा, यातायात जागरूकता, ट्रैफिक हैकाथन एवं साइबर जागृति अभियान के संबंध में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में ट्रैफिक एसीपी स्नेहिल साहू द्वारा उपस्थित छात्र-छात्राओं को यातायात नियमों, सड़क सुरक्षा एवं जिम्मेदार नागरिक के रूप में उनकी भूमिका के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। जागरूकता कार्यक्रम को अधिक प्रभावी एवं रोचक बनाने के लिए विभिन्न विषयों की जानकारी पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन (PPT) के माध्यम से दी गई।
यातायात नियमों के पालन पर विशेष जोर
कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं को दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने, चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग नहीं करने, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने, रेड सिग्नल एवं यातायात संकेतों का पालन करने तथा नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने के संबंध में जानकारी दी गई।
साथ ही विद्यार्थियों को बताया गया कि सड़क सुरक्षा केवल पुलिस या प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। स्वयं यातायात नियमों का पालन करने के साथ-साथ छात्र-छात्राएं अपने माता-पिता, भाई-बहन एवं अन्य परिजनों को भी यातायात नियमों के प्रति जागरूक करें, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके और शहर में सुरक्षित यातायात वातावरण निर्मित हो।
ट्रैफिक हैकाथन के संबंध में दी जानकारी
कार्यक्रम में ट्रैफिक हैकाथन के उद्देश्य एवं उपयोगिता के बारे में भी छात्र-छात्राओं को विस्तार से बताया गया। विद्यार्थियों को प्रेरित किया गया कि वे अपने आसपास की यातायात संबंधी समस्याओं को पहचानें तथा तकनीक, नवाचार एवं रचनात्मक सोच के माध्यम से उनके समाधान के लिए नए विचार प्रस्तुत करें।
छात्रों को बताया गया कि युवाओं की नई सोच एवं तकनीकी समझ का उपयोग शहर की यातायात व्यवस्था को और अधिक स्मार्ट, सुरक्षित एवं सुगम बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। यातायात से जुड़ी समस्याओं के व्यावहारिक एवं तकनीकी समाधान विकसित करने में विद्यार्थियों की सहभागिता को प्रोत्साहित किया गया।
साइबर अपराधों से बचाव के लिए किया जागरूक
कार्यक्रम के दौरान साइबर जागृति अभियान के अंतर्गत छात्र-छात्राओं को ऑनलाइन ठगी एवं साइबर अपराधों से बचने के उपायों के बारे में भी जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को समझाया गया कि किसी अनजान व्यक्ति के साथ OTP, PIN, पासवर्ड, बैंक संबंधी जानकारी अथवा अन्य व्यक्तिगत जानकारी साझा न करें। संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने, अनजान एप्लीकेशन डाउनलोड करने तथा सोशल मीडिया पर अपरिचित व्यक्तियों से संवेदनशील जानकारी साझा करने से बचने की सलाह दी गई।
साथ ही विद्यार्थियों को साइबर अपराध की स्थिति में घबराने के बजाय तत्काल 1930 या संबंधित माध्यम से शिकायत करने एवं अपने परिजनों को भी साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के लिए प्रेरित किया गया।
लगभग 500 छात्र-छात्राओं ने लिया भाग
इस जागरूकता कार्यक्रम में महाराजा अग्रसेन इंटरनेशनल कॉलेज के प्राचार्य, उप प्राचार्य, शिक्षकगण सहित लगभग 500 छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने यातायात एवं साइबर सुरक्षा से संबंधित विषयों को गंभीरता से समझा तथा सुरक्षित यातायात व्यवस्था में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाने का संकल्प लिया।
रायपुर यातायात पुलिस का उद्देश्य है कि जागरूकता अभियानों के माध्यम से विशेषकर युवाओं को यातायात नियमों एवं साइबर सुरक्षा के प्रति संवेदनशील बनाया जाए, ताकि वे स्वयं सुरक्षित रहें और अपने परिवार एवं समाज को भी सुरक्षित रखने में सक्रिय भूमिका निभाएं।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story